बस्ती खाली कराने पहुंची टीम का विरोध, जेसीबी के आगे लोगों के लेटने से कार्यवाही टली

WhatsApp Channel Join Now
बस्ती खाली कराने पहुंची टीम का विरोध, जेसीबी के आगे लोगों के लेटने से कार्यवाही टली


बस्ती खाली कराने पहुंची टीम का विरोध, जेसीबी के आगे लोगों के लेटने से कार्यवाही टली


फिरोजाबाद, 10 नवंबर (हि.स.)। न्यायालय के आदेश पर मंगलवार को शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के तहसील तिराहा स्थित गिहार बस्ती को खाली कराने पहुंची पुलिस और प्रशासनिक टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। जेसीबी के पहुंचते ही महिलाएं और पुरुष उसके आगे लेट गए। विरोध के चलते फिलहाल कार्रवाई रोकनी पड़ी। अधिकारियों ने मकान खाली करने के लिए तीन दिन का समय दिया है।

शिकोहाबाद तहसील तिराहे के पास स्थित गिहार कॉलोनी में मंगलवार को गिहार बस्ती की जमीन खाली कराने के लिए पुलिस और प्रशासनिक टीम पहुंची। कार्रवाई के लिए जेसीबी आते ही कॉलोनी के लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। महिलाएं और पुरुष एकत्रित होकर जेसीबी के आगे लेट गए। जिनमें छोटे छोटे बच्चे भी शामिल थे। जमीन खाली कराने के लिए शिकोहाबाद, जसराना, मक्खनपुर, नगला खंगर और नसीरपुर कई थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा था। भारी पुलिस फोर्स की मौजूदगी के बावजूद लोगों ने प्रदर्शन किया। बस्ती के लोगों का कहना था कि वह पिछले काफी समय से यहां रह रहे हैं। उनकी तीन पीढ़ियां यहां गुजर गई। उनके पास रहने के लिए कोई दूसरी जगह नहीं है। अचानक मकान उजाड़े गए तो वे अपने परिवार और बच्चों को लेकर कहां जाएंगे। घर उजड़ने से परिवार सड़क पर आ जाएंगे और बच्चों का भविष्य भी प्रभावित होगा। उन्होंने प्रशासन से कार्रवाई रोकने की मांग की।

इस दौरान पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच काफी देर तक गहमागहमी भी बनी रही। लोगों के विरोध को देखते हुए प्रशासन ने फिलहाल कार्रवाई रोक दी।इस दौरान मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया।

सीओ शिकोहाबाद जयबिन्द गुप्ता ने बताया कि कॉलोनी के लोगों को मकान खाली करने के लिए तीन दिन का समय दिया गया है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774949 Articles

Share this story