फर्रुखाबाद: बीमारी से तंग महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर दी जान

WhatsApp Channel Join Now
फर्रुखाबाद: बीमारी से तंग महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर दी जान


फर्रुखाबाद, 26 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में बीमारी से परेशान एक महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर मौत को गले लगा लिया।

जानकारी के अनुसार, कोतवाली कायमगंज के गांव घसिया चिलौली निवासी कमलेश देवी (55) पत्नी रामकिशोर ने रविवार को अपने घर में जहरीला पदार्थ का सेवन कर लिया। घटना के बाद उनकी हालत अचानक बिगड़ने लगी। परिजन घबराकर उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें फार्रुखाबाद के डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। लोहिया अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। इस जानकारी पर परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन शव को लेकर घर लौट आए।

मृतका के पति रामकिशोर ने बताया कि पत्नी कमलेश देवी करीब तीन वर्षों से मानसिक बीमारी से पीड़ित थीं और उनका इलाज एक निजी चिकित्सक से चल रहा था। बीमारी से अत्यधिक परेशान होकर आज जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उनकी मौत हो गई। उनके दो बेटे अमित और मंशाराम तथा एक बेटी प्रीति हैं। तीनों का विवाह हो चुका है और बेटे अलग रहकर अपना जीवन यापन कर रहे हैं। परिवार का गुजारा रामकिशोर की सैलून की दुकान से होता है। घटना की सूचना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र द्वारा पुलिस को मेमो भेजकर दी गई।

थाना प्रभारी विनोद कुमार शुक्ल ने बताया कि मामले की जानकारी प्राप्त हुई है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

Share this story