फर्रुखाबाद: पुलिस लाइन में एसपी ने कान्हा के जन्म दिन पर की पूजा अर्चना, मातहतों को समझाया कन्हैया की लीला का संदेश
फर्रुखाबाद, 05 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में भगवान कृष्ण का जन्मोत्सव शुक्रवार की रात बड़े ही धूमधाम के साथ मनाया गया। यहां केंद्रीय कारागार में ठीक 12:00 बजे भगवान कृष्ण के जन्म होते ही जेल परिसर नंद के घर आनंद भयो जय कन्हैयालाल के उद्घोष से गूंज उठे। इसी तरह पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने पूजा अर्चना के साथ कृष्ण जन्माष्टमी मनाई और कान्हा के आने का जोरदार स्वागत किया।
बताते चले कि भगवान कृष्ण का जन्म मथुरा के कंस महल की जेल में हुआ था। इस वजह से केंद्रीय व जिला कारागार में भगवान कृष्ण का जन्मदिन धूमधाम से मनाया जाता है।इसी को लेकर पुलिस लाइन में पुलिस विभाग की ओर से कान्हा के जन्मोत्सव के साथ कई कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इस बार सबसे खास बात यह रही की पुलिस कप्तान आरती सिंह खुद रात पुलिस लाइन पहुंची और उन्होंने घड़ी में 12:00 बजते ही भगवान कृष्ण की पूजा अर्चना कर उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने भगवान कृष्ण की महिमा और लीला के बारे में उपस्थित पुलिस कर्मियों और अधिकारियों को संदेश दिया।
पुलिस कप्तान आरती सिंह ने कहा कि भगवान कृष्ण ने 16 कलाओं से अवतार लिया था। हालांकि उनका लालन पालन एक राजकुमार की तरह नहीं एक ग्वाला की तरह हुआ था। उन्होंने पूरे जीवन आनंद से लोगों को गीता का अनोखा संदेश दिया। उन्होंने बताया कि जिस समय दानवीर करन ने भगवान कृष्ण से कहा कि उसको जन्म देने के बाद माता ने बेघरबार कर दिया। उसका राज योग का हक छीन लिया। भगवान श्री कृष्ण से उसने प्रश्न किया कि इसमें उसका क्या कसूर था जो इसे इतनी बड़ी सजा दी गई। इस पर भगवान कृष्ण ने मुस्कुराते हुए कहा कि करन तुम अपना दुख देख रहे हो मेरे जीवन की तरफ देखो, मेरा जन्म जेल में हुआ। किसी तरह का राजसी सुख नहीं भोगा। पूरे जीवन ग्वाला की तरह जीवन यापन किया और इसके बाद उन्हें मथुरा छोड़कर द्वारिका में आना पड़ा। सुख दुख तो मानव जीवन में लगा ही रहता है। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रीष कुमार सहित सभी पुलिस अधिकारी एवं भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
इसके अलावा जिले भर में लोगों ने अपने-अपने घरों में झांकी सजाकर भगवान कृष्ण का जन्मदिन मनाया। बड़े हनुमान मंदिर भोलेपुर में बहुत ही आकर्षक झांकियां सजाई गई और लोग रात भर कान्हा के आगमन पर पूजा अर्चना करते रहे। ग्रामीण क्षेत्रों में भी भगवान कृष्ण का जन्म धूमधाम के साथ मनाया गया। छोटी काशी कहे जाने वाले फर्रुखाबाद में कृष्ण जन्म पर भजन कीर्तनों की धूम रही। लोग रातभर पूजा अर्चना में लीन होकर नन्द घर आनंद भयो जय कन्हैया लाल के जन्मोत्सव की लीला में रमें रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

