पौधरोपण महाअभियान' में पर्यटन विभाग की हरित पहल, प्रमुख पर्यटन स्थलों पर लगे पौधे

WhatsApp Channel Join Now
पौधरोपण महाअभियान' में पर्यटन विभाग की हरित पहल, प्रमुख पर्यटन स्थलों पर लगे पौधे


लखनऊ, 12 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में रविवार को प्रदेशभर में आयोजित 35 करोड़ पौधरोपण महाअभियान में उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए प्रमुख पर्यटन स्थलों पर व्यापक पौधरोपण कर 'हरित उत्तर प्रदेश' के संकल्प को मजबूती दी। अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग अमृत अभिजात ने कल्ली पश्चिम में पौधा लगाकर 'वृक्षारोपण महायज्ञ-2026' में आहुति दी।

उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने 'वृक्षारोपण महायज्ञ-2026' के तहत अपने प्रमुख पर्यटन स्थलों एवं परियोजनाओं पर लगभग एक लाख पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया। अभियान को सफल और दीर्घकालिक बनाने के लिए सभी चिन्हित स्थलों पर गड्ढों की खुदाई, पौधरोपण स्थलों का विकास, संरक्षण संबंधी व्यवस्थाएं तथा अन्य आवश्यक तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई थीं।

'हरित उत्तर प्रदेश का संदेश'

अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात ने इस अवसर पर कहा, 'मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में विकास और पर्यावरण संरक्षण साथ-साथ आगे बढ़ रहे हैं। 'वृक्षारोपण महायज्ञ-2026' आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित, स्वच्छ और समृद्ध प्रदेश की मजबूत नींव रखने का संकल्प है। पर्यटन विभाग इस अभियान के माध्यम से प्रदेश के पर्यटन स्थलों को अधिक हरित, आकर्षक और पर्यावरण-अनुकूल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा विश्वास है कि प्रकृति का संरक्षण ही पर्यटन के सतत विकास का आधार है और यही मुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री के 'हरित उत्तर प्रदेश' एवं सतत विकास के विजन को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।'

थीम आधारित हरित वाटिकाएं

उन्होंने बताया कि 'महाअभियान के तहत पर्यटन स्थलों पर पीपल, बरगद, नीम, अर्जुन, शीशम, जामुन, आम, महुआ, बेल और आंवला जैसी स्थानीय एवं पर्यावरण अनुकूल प्रजातियों के पौधे लगाए गए। जिन पर्यटन परियोजनाओं में लैंडस्केपिंग का कार्य प्रस्तावित है, वहां थीम आधारित हरित वाटिकाएं जैसे- नक्षत्र वाटिका, त्रिवेणी वाटिका, हरिशंकरी वाटिका, पंचवटी और नवग्रह वाटिका विकसित की गईं।'

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story