पीईटी : बायोमीट्रिक सत्यापन और स्क्रीनिंग के बाद ही परीक्षा देने की मिलेगी अनुमति

WhatsApp Channel Join Now
पीईटी : बायोमीट्रिक सत्यापन और स्क्रीनिंग के बाद ही परीक्षा देने की मिलेगी अनुमति


पीईटी : बायोमीट्रिक सत्यापन और स्क्रीनिंग के बाद ही परीक्षा देने की मिलेगी अनुमति


-प्रारंभिक अर्हता परीक्षा में अभ्यर्थियों को एग्जाम शुरू होने से दो घंटे पहले से केंद्रों में मिलेगा प्रवेश

- परीक्षा शुरू होने से आधे घंटे पहले बंद हो जाएंगे परीक्षा केंद्रों के गेट

मुरादाबाद, 22 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) में अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले केंद्रों में प्रवेश मिलना शुरू हो जाएगा। परीक्षा शुरू होने से आधे घंटा पहले केंद्रों के गेट बंद कर दिए जाएंगे।अभ्यर्थियों को बायोमीट्रिक सत्यापन और स्क्रीनिंग की प्रक्रिया से गुजरने के बाद ही परीक्षा देने की अनुमति मिलेगी। 52 केंद्रों पर 140112 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।

मुरादाबाद जिले में परीक्षा के लिए 52 केंद्र बनाए गए हैं। 25 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर को होने वाली परीक्षा में कुल 140112 अभ्यर्थी शामिल होंगे। गुरुवार को जिला प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों ने बैठक कर परीक्षा के लिए तैनात स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापकों के साथ परीक्षा संबंधी तैयारियों की समीक्षा की गई।

अपर जिलाधिकारी नगर अंकुर श्रीवास्तव ने निर्देश दिए कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट परीक्षा दिवस से पूर्व अपने निर्धारित परीक्षा केंद्रों का अनिवार्य रूप से निरीक्षण कर लें। निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी कैमरों की

क्रियाशीलता सहित सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक मानकों का सत्यापन सुनिश्चित किया जाए, ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। उन्होंने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को भी परीक्षा से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

परीक्षा में बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के आगमन को देखते हुए उनके सुगम आवागमन एवं सुविधाओं के संबंध में रेलवे तथा उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के अधिकारियों के साथ चर्चा की गई।

पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने कहा कि परीक्षा को नकलविहीन एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए सभी सेक्टरों में सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस अधिकारियों की भी तैनाती की गई है। जनपद के सभी 52 परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765254 Articles

Share this story