पहले नातिन की डोली उठी,फिर नानी की अर्थी
फर्रुखाबाद, 21 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में थाना नवाबगंज के एक गेस्ट हाउस में आयोजित शादी समारोह की खुशियां उस समय गम में तब्दील हो गईं, जब विदाई की रस्म के तुरंत बाद वधू की नानी का हृदय गति रुकने से निधन हो गया। जिस आंगन से कुछ देर पहले हंसी-खुशी डोली उठनी थी, वहां नातिन की विदाई के चंद लम्हों बाद ही चीख-पुकार मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनपद हरदोई के थाना हरपालपुर के ग्राम चांदपुर निवासी गोमती देवी पत्नी नन्हे बाबू थाना नवाबगंज स्थित एक गेस्ट हाउस में अपने बड़े दामाद राजीव कुमार की पुत्री के विवाह में शामिल होने आई थीं। शुक्रवार रात भर मंगल गीत गाए गए और विवाह की सभी रस्में उल्लास के साथ संपन्न हुईं। शनिवार सुबह करीब 9 बजे नातिन की विदाई हुई। विदाई के कुछ देर बाद जब दामाद राजीव कुमार गेस्ट हाउस के अंदर पहुंचे, तो उन्होंने सास गोमती देवी को दीवार के सहारे जमीन पर अचेत अवस्था में पड़ा देखा। परिजनों ने उन्हें जगाने का काफी प्रयास किया, लेकिन शरीर में कोई हलचल न होने पर तत्काल एम्बुलेंस बुलाई गई। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज ले जाया गया, जहाँ चिकित्सक डॉ. वशिष्ठ कटियार ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर के अनुसार, मौत का कारण अचानक हृदय गति रुकना प्रतीत होता है।
शादी वाले घर में अचानक हुई इस मौत से परिजन गमगीन है। घटना के बाद बिना पुलिस कार्रवाई के दामाद राजीव और प्रमोद कुमार शव को लेकर अपने पैतृक निवास रवाना हो गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

