पशुओं को संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित रखने के लिए नियमित निगरानी: प्रकाश बिंदु

WhatsApp Channel Join Now
पशुओं को संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित रखने के लिए नियमित निगरानी: प्रकाश बिंदु


मुरादाबाद, 22 सितम्बर (हि.स.)। शासन से मंडल मुरादाबाद के लिए नामित वरिष्ठ नोडल अधिकारी प्रकाश बिंदु ने जनपद अमरोहा एवं मुरादाबाद का भ्रमण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मुरादाबाद के मैनाठेर स्थित कान्हा गोशाला का निरीक्षण कर संरक्षित गोवंश के भरण-पोषण, स्वास्थ्य एवं संरक्षण से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि पशुओं को संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित रखने के लिए नियमित निगरानी के साथ-साथ पशुपालकों को भी आवश्यक सावधानियों एवं पशु स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई जाए।

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ नोडल अधिकारी ने सर्वप्रथम गो-पूजन किया। इसके पश्चात उन्होंने गोशाला में संरक्षित गोवंश के लिए उपलब्ध भूसा, हरा चारा, पशु आहार एवं स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने गोवंश के भरण-पोषण के लिए की गई व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। साथ ही गोवंश को लम्पी स्किन डिजीज से बचाव के लिए कराए गए टीकाकरण का सत्यापन भी किया तथा पशुओं के स्वास्थ्य संबंधी अभिलेखों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

वरिष्ठ नोडल अधिकारी ने ग्राम मनोहरपुर एवं शाहपुर में पहुंचकर पशुपालकों के गोवंश के लिए कराए गए टीकाकरण का भी सत्यापन किया। इस दौरान गला घोंटू, खुरपका-मुंहपका एवं लम्पी स्किन डिजीज जैसी संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए किए जा रहे टीकाकरण एवं पशु चिकित्सा सेवाओं की जानकारी ली गई। स्थानीय ग्रामीणों एवं पशुपालकों ने पशुपालन विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही टीकाकरण एवं उपचार संबंधी व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ नोडल अधिकारी प्रकाश बिंदु ने पशुपालन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में सभी पात्र एवं चिन्हित पशुओं का समयबद्ध एवं शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने गोशालाओं में संरक्षित गोवंश के भरण-पोषण, स्वच्छ पेयजल, चारा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए गोवंश संरक्षण एवं पशु स्वास्थ्य के लिए और अधिक जिम्मेदारी, संवेदनशीलता एवं लगन के साथ कार्य करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान डॉ. जगदीश प्रसाद, अपर निदेशक पशुपालन, डॉ. सुनील दत्त, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, डॉ. वीरपाल गंगवार, उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, डॉ. शोएब, पशु चिकित्सा अधिकारी सहित पशुपालन विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story