पर्यटन मंत्री का जिला जेल में औचक निरीक्षण,मरीजों की चिकित्सा पर खास ध्यान देने के निर्देश
फर्रुखाबाद ,11 सितंबर (हि.स.)।पर्यटन एवं संस्कृति विभाग मंत्री, एवं जिले के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने शुक्रवार को जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने जिला कारागार की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं, भोजन व्यवस्था, साफ-सफाई, स्वास्थ्य सेवाओं, सुरक्षा व्यवस्था तथा कारागार परिसर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कारागार में निरुद्ध बंदियों की संख्या, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पाकशाला में भोजन तैयार करने के लिए जिला कारागार में सुरक्षा व्यवस्था के लिए अन्य दायित्वों को पारदर्शिता अनुरूप रोस्टर के अनुसार बंदियों की ड्यूटी लगाई जाए, बंदियों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता शासन द्वारा निर्धारित मानक के अनुसार रखी जाए। बंदी चिकित्सालय के निरीक्षण में निर्देश दिए गए कि पुरुष बंदी एवं महिला बंदियों का नियमित रूप से स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य उपचार प्रदान करें, इसके साथ संक्रमित एवं गंभीर रोग के मरीजों को साधारण मरीजों से अलग रखा जाए।
मंत्री ने निर्देश दिए कि कारागार में निरुद्ध बंदियों को शासन की मंशा के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा बंदियों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कारागार की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ रखने तथा परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था नियमित रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि कारागारों में सुरक्षा के साथ-साथ मानवीय एवं सुधारात्मक वातावरण भी उपलब्ध कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अंकुर लाठर,एसपी आरती सिंह, जेल अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव, चिकित्सक डॉ. नीरज सहित संबंधित अधिकारी एवं कारागार प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

