पत्नी का हत्याराेपित पति गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
पत्नी का हत्याराेपित पति गिरफ्तार


कानपुर, 11 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र के संजीव नगर द्वितीय में दहेज की मांग पूरी न होने पर पति ने लकड़ी के पटरे से सिर पर वार कर पत्नी की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपित फरार हो गया था। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर उसे चकेरी रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बुधवार काे बताया कि फतेहपुर निवासी रीता (23) की शादी 15 सितंबर 2022 को चकेरी के संजीव नगर द्वितीय निवासी करन पासवान से हुई थी। शादी के बाद से ही करन दहेज की मांग को लेकर पत्नी को प्रताड़ित कर रहा था। आठ नवंबर को उसने लकड़ी के पटरे से रीता के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात की जानकारी आरोपित ने खुद फोन कर रीता की मां को दी थी। मां की तहरीर पर चकेरी थाने में दहेज उत्पीड़न और हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

डीसीपी के मुताबिक, घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की टीमें आरोपित की तलाश में लगाई गई थीं। मंगलवार रात करीब 10:40 बजे सूचना मिली कि आरोपित चकेरी रेलवे स्टेशन के पास मौजूद है और शहर से भागने की फिराक में है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपित ने पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, वह वारदात के बाद से ही फरार था और पुलिस से बचने के लिए शहर छोड़ने की तैयारी कर रहा था।

गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ पुलिस ने विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775466 Articles

Share this story