निर्धारित दर से अधिक कीमत पर खाद बेचने के आरोप में कैडर सचिव निलंबित

WhatsApp Channel Join Now
निर्धारित दर से अधिक कीमत पर खाद बेचने के आरोप में कैडर सचिव निलंबित


औरैया, 14 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में किसानों को निर्धारित दर पर उर्वरक उपलब्ध कराने और वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर डीएपी और यूरिया उर्वरक की बिक्री के आरोप में बी-पैक्स लिमिटेड, भाऊपुर, विकासखंड औरैया के कैडर सचिव सुनील कुमार अवस्थी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जिलाधिकारी बृजेश कुमार के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई के साथ ही संबंधित सचिव के विरुद्ध अनुशासनिक कार्यवाही भी शुरू की गई है।

जिलाधिकारी के संज्ञान में मामला आने पर बी-पैक्स भाऊपुर में उर्वरक बिक्री में अनियमितता की जांच कराने के निर्देश दिए गए थे। शिकायत थी कि समिति पर डीएपी और यूरिया निर्धारित दर से अधिक कीमत पर बेचे जा रहे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने सहायक विकास अधिकारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।

जांच में कैडर सचिव सुनील कुमार अवस्थी ने 13 जून 2026 को डीएपी उर्वरक की निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर बिक्री किए जाने की पुष्टि हुई। इसे उच्च स्तर से जारी निर्देशों का उल्लंघन और उर्वरक वितरण व्यवस्था में गंभीर अनियमितता माना गया। प्रकरण की गंभीरता और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर संबंधित सचिव के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की गई। निलंबन आदेश में उर्वरक वितरण में अनियमितता, नियमानुसार उर्वरक वितरण नहीं किए जाने तथा समिति के अभिलेखों को अद्यतन और पूर्ण नहीं रखने संबंधी बिंदुओं का भी उल्लेख किया गया है।

जिला प्रशासन का कहना है कि किसानों को निर्धारित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उर्वरक बिक्री में मनमानी या नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760701 Articles

Share this story