नगर आयुक्त की सख्ती : 07 दिन में वाहनों का बीमा व डेटा अपडेट अनिवार्य

WhatsApp Channel Join Now








गोरखपुर, 18 मार्च (हि.स.)। नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने वाहन विभाग की समीक्षा बैठक में लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने सभी बड़े वाहनों—पोकलेन, जेसीबी, डंपर, डीसीएम आदि—का बीमा नवीनीकरण 07 दिनों के भीतर हर हाल में पूरा करने को कहा।

नगर आयुक्त ने नगर निगम के सभी विभागों को वाहनों की इन्वेंटरी तैयार करने और शत-प्रतिशत बीमा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही करीब 609 वाहनों का पूरा डेटा अपडेट रखने और प्रत्येक वाहन के लिए यूनिक आईडी बनाकर ऐप से जोड़ने की व्यवस्था करने को कहा, ताकि एक क्लिक पर पूरी जानकारी उपलब्ध हो सके।

बैठक में वाहनों की कार्यक्षमता की समीक्षा करते हुए लापरवाह चालकों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि डंपर जैसे बड़े वाहन बिना मानक के किसी स्थिति में संचालित न हों।

नगर आयुक्त ने नए डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण वाहनों को पीले रंग में ही लाने, महेवा वर्कशॉप का कार्य शीघ्र पूरा कर उसे चालू करने और वहीं पर वाहनों की धुलाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा वाहन चालकों को गर्मी के अनुरूप ड्रेस उपलब्ध कराने और बिना ड्रेस कार्य करने वालों का वेतन काटने के भी निर्देश दिए गए। कंट्रोल रूम में संचालित वीटीएमएस प्रणाली में सुधार लाने और लापरवाह कर्मचारियों को हटाकर नए लोगों को जिम्मेदारी देने पर भी जोर दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story