धान की रोपाई के बीच खाद संकट, कई दिनों से लाइन में लग रहे किसान
कानपुर देहात, 18 जुलाई (हि.स.)। धान की रोपाई के महत्वपूर्ण समय में उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जनपद में रसूलाबाद क्षेत्र के किसानों को यूरिया खाद के लिए लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खाद वितरण केंद्रों पर सुबह से ही किसानों की लंबी कतारें लग रही हैं, लेकिन कई किसानों को घंटों इंतजार के बाद भी बिना खाद लिए लौटना पड़ रहा है।
बंसी निवादा स्थित खाद वितरण केंद्र पर बड़ी संख्या में शनिवार को किसान यूरिया लेने पहुंचे। किसानों का आरोप है कि कभी मशीन खराब होने, तो कभी स्टॉक उपलब्ध न होने की बात कहकर उन्हें वापस भेज दिया जाता है। इससे खेती का काम प्रभावित हो रहा है और रोपाई में देरी की आशंका बढ़ गई है।
रेवरी गांव के किसान विजय बहादुर ने बताया कि आवश्यक दस्तावेज जमा करने के बावजूद उन्हें खाद नहीं मिल सकी। वहीं इटैली निवासी किसान दुर्गेश का कहना है कि वह लगातार कई दिनों से केंद्र के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अभी तक यूरिया नहीं मिली है। खेतों में मजदूर लगे होने के बावजूद खाद के अभाव में कृषि कार्य प्रभावित हो रहा है।
किसानों का कहना है कि प्रशासन की ओर से खाद की पर्याप्त उपलब्धता का दावा किया जा रहा है, लेकिन वितरण व्यवस्था सुचारु न होने के कारण उन्हें राहत नहीं मिल पा रही है। उनका कहना है कि यदि समय पर खाद उपलब्ध नहीं हुई तो इसका असर धान की फसल और उत्पादन पर पड़ सकता है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि जिस पंचायत भवन में खाद वितरण किया जा रहा है, वहां पंचायत से जुड़े कई कार्य प्रभावित हो रहे हैं। लोगों को छोटे-छोटे कामों के लिए भी ब्लॉक कार्यालय जाना पड़ रहा है।
किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि खाद वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारु बनाया जाए, ताकि रोपाई के इस महत्वपूर्ण समय में किसानों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिला कृषि अधिकारी प्राची पांडे ने बताया कि ई-पॉश मशीन में कुछ तकनीकी खामी के चलते खाद वितरण में आंशिक प्रभाव पड़ा है। सुधार होते ही किसानों को खाद वितरण सुचारू रूप से मिलने लगेगी।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / अवनीश अवस्थी

