देवरिया : सीएचसी के महिला शौचालय में भ्रूण मिलने के मामले में जांच तेज, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया : सीएचसी के महिला शौचालय में भ्रूण मिलने के मामले में जांच तेज, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस


देवरिया, 29 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में लार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के महिला शौचालय में लगभग छह माह का भ्रूण मिलने के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस ने भ्रूण को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यकता पड़ने पर भ्रूण का डीएनए परीक्षण भी कराया जाएगा।

चौकी प्रभारी कमलेश यादव ने बुधवार काे बताया कि सोमवार देर रात सीएचसी के महिला शौचालय में भ्रूण की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। ड्यूटी पर तैनात चिकित्साकर्मियों और अन्य कर्मचारियों से पूछताछ की गई, लेकिन तत्काल भ्रूण की पहचान नहीं हो सकी।

चौकी प्रभारी ने अस्पताल के महिला वार्ड, प्रसूति कक्ष, ऑपरेशन थिएटर (ओटी) तथा अन्य संबंधित स्थानों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान ड्यूटी पर मौजूद स्टाॅफ नर्सों, दाइयों और अन्य कर्मचारियों से भी पूछताछ की गई। पुलिस ने अस्पताल में लगे पिछले दो दिनों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाले, जिसमें कुछ महिलाएं शौचालय की ओर आती-जाती दिखाई दी हैं।

पुलिस अब अस्पताल के रजिस्टर में दर्ज इन महिलाओं का नाम-पता और अन्य विवरण जुटाकर उनसे पूछताछ की तैयारी कर रही है।

अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि आवश्यक हुआ तो भ्रूण का डीएनए परीक्षण कराकर उसकी पहचान सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है तथा तथ्य सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story