देवरिया : योजनाओं का लाभ वितरण चौपाल में समस्याओं का मौके पर समाधान
देवरिया, 28 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में विकास खंड पथरदेवा के ग्राम पंचायत मलघोट विरैचा में मंगलवार को “ग्राम चौपाल (गाँव की समस्या, गाँव में समाधान)” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
चौपाल के दौरान विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ देते हुए स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। जिलाधिकारी ने सभी स्टॉलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को जनहित में कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में गोदभराई एवं अन्नप्राशन जैसे सामाजिक कार्यक्रम भी संपन्न कराए गए। साथ ही राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, वृद्धावस्था पेंशन एवं निराश्रित पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया।
इस दौरान स्कूली बच्चों ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिन्हें उपस्थित लोगों ने सराहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान अब गांव में ही सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे विकास कार्यों को गति मिल रही है।
चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और योजनाओं का लाभ पाकर संतोष व्यक्त किया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार गुप्ता, उप जिलाधिकारी सदर सीमा पांडेय, जिला विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

