तीन दिन की बैंक हड़ताल के समर्थन में कर्मचारियों ने निकाला जुलूस

WhatsApp Channel Join Now
तीन दिन की बैंक हड़ताल के समर्थन में कर्मचारियों ने निकाला जुलूस


कानपुर, 27 सितंबर (हि.स.)। प्रस्तावित तीन दिन की बैंक हड़ताल को सफल बनाने के लिए रविवार को कानपुर में बैंक कर्मचारियों ने जुलूस निकालकर विरोध दर्ज कराया। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के नेतृत्व में कर्मचारियों ने बड़ा चौराहा स्थित इंडियन बैंक से पैदल मार्च शुरू किया, जो बिरहाना रोड स्थित पीएनबी क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचकर समाप्त हुआ। इसके बाद कर्मचारियों ने सभा कर अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाई।

आज खुले बैंकों में कर्मचारियों ने काले कपड़े पहनकर और काले बैज लगाकर विरोध जताया। बैंक बंद होने के बाद जुलूस बड़ा चौराहा से निकलकर विभिन्न मार्गों से होते हुए फूलबाग स्थित एलआईसी बिल्डिंग पहुंचा। जुलूस में बैंक कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए प्रस्तावित हड़ताल को सफल बनाने का आह्वान किया।

सभा में बैंक कर्मचारी नेताओं ने कहा कि फाइव डे बैंकिंग की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया। कर्मचारियों ने कहा कि सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू होने से कर्मचारियों को राहत मिलने के साथ बैंकिंग व्यवस्था को भी बेहतर तरीके से संचालित किया जा सकेगा।

एसबीआई स्टाफ एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने प्रबंधन पर कर्मचारियों के बीच विभाजनकारी नीतियां अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मांगों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि प्रस्तावित तीन दिन की हड़ताल के बावजूद यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी।

बैंककर्मी रजनीश गुप्ता ने कहा कि कर्मचारी लंबे समय से फाइव डे बैंकिंग समेत अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। कई बार मांग उठाने के बावजूद समाधान नहीं हुआ है। इसी कारण कर्मचारियों को हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ रहा है।

बैंककर्मी जय प्रकाश मिश्रा ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं और मांगों पर बैंक प्रबंधन को गंभीरता से विचार करना चाहिए। तीन दिन की प्रस्तावित हड़ताल के बाद भी मांगों पर सुनवाई नहीं हुई तो 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल का निर्णय लिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story