तीन घंटे की बारिश में शहर के कई जगहाें पर दिखा जलभराव

WhatsApp Channel Join Now
तीन घंटे की बारिश में शहर के कई जगहाें पर दिखा जलभराव


मुरादाबाद, 28 जुलाई (हि.स.)। मुरादाबाद में मंगलवार को तीन घंटे की मूसलाधार बारिश ने एक बार फिर नगर निगम की तैयारी की पोल खोल दी। प्रमुख बाजारों की सड़के हों या पाश कॉलोनियों के गली मोहल्लों की भांति वह भी तालाब में बदल गई। नगर निगम के नाले नालियों की तड़ी झाड़ सफाई और जल निकासी के दावे बारिश के पानी में बहते दिखे। सोमवार के बाद मंगलवार की इस बारिश से मुरादाबाद का न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मौसम विशेषज्ञ प्रो. एके सिंह के अनुसार, गुरुवार तक मुरादाबाद में बारिश का रेड अलर्ट हैं, शुक्रवार से मौसम साफ होने की उम्मीद है।

मंगलवार सुबह मुरादाबाद में बादल छाए हुए थे, लेकिन उमस भरी गर्मी और हवा न चलने के कारण लोग बेहाल थे। दोपहर 2 बजे अचानक आसमान में काले बादल छा गए और देखते ही देखते शुरू हुई बूंदाबांदी धीरे-धीरे तेज मूसलाधार बारिश में तब्दील हो गई। शाम 4 बजे तक 3 घंटे की झमाझम बारिश ने जहां उमस भरी गर्मी से छुटकारा दे दिया वहीं इस बारिश से पीतलनगरी जलमग्न हो गई। आवास विकास की बुद्धि विहार कॉलोनी मुरादाबाद विकास प्राधिकरण की रामगंगा विहार, दीनदयाल नगर, नवीन नगर कॉलोनियों के साथ कटघर, बुध बाजार, अशोक नगर, प्रभात मार्केट, जीएमडी रोड, भोलनाथ कॉलोनी, लाइनपार बांग्ला गांव, चक्कर की मिलक, नवाबपुरा, असालतपुरा, लाजपतनगर, गांधीनगर आदि कई मोहल्ले बारिश के पानी से लबालब हो गए, जिससे आवागमन काफी प्रभावित हो गया।

इस बाबत महापौर विनोद अग्रवाल ने बताया कि मानसून आने से पूर्वांचल नगर निगम द्वारा महानगर व सभी वार्डों में नाले नालियों की तड़ी झाड़ सफाई कराई गई थी। मंगलवार को भी नगर निगम कंट्रोल रूम में जहां से भी जल विभाग की सूचना आई वहां नगर निगम की टीम ने पहुंचकर तुरंत सफाई अभियान चलाकर जल निकासी के प्रबंध किए।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story