डाकघर में खाताधारकों के रुपये जमा नहीं होने पर हंगामा, पोस्टमास्टर पर रकम हड़पने का आरोप

WhatsApp Channel Join Now
डाकघर में खाताधारकों के रुपये जमा नहीं होने पर हंगामा, पोस्टमास्टर पर रकम हड़पने का आरोप


- खाताधारकों ने थाने में दी तहरीर, डाक विभाग ने जांच के बाद कार्रवाई का दिया आश्वासन

मीरजापुर, 03 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में जमालपुर क्षेत्र के हरिहरपुर डाकघर में खाताधारकों की जमा रकम खातों में नहीं पहुंचने का मामला सामने आया है। पोस्ट मास्टर पर रुपये लेकर पासबुक में दर्ज करने के बावजूद खाते में जमा नहीं करने का आरोप लगा है। इससे नाराज खाताधारकों ने थाना में तहरीर देकर संबंधित पोस्टमास्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

खाताधारकों के अनुसार, वे जब अपने खाते से जमा रकम निकालने डाकघर पहुंचे तो खाते में पैसा नहीं होने की जानकारी मिली। पासबुक में रकम दर्ज होने के बावजूद खाते में रकम जमा नहीं मिलने से उपभोक्ताओं के होश उड़ गए। इसकी जानकारी आसपास के गांवों में फैलने से हड़कंप मच गया।

आरोप है कि हरिहरपुर शाखा में तैनात पोस्टमास्टर कपिल ने खाताधारकों से रुपये लेकर उनकी पासबुक में जमा रकम अंकित कर दी, लेकिन विभागीय खाते में पैसा जमा नहीं किया। मामला सामने आने से पहले ही पोस्ट मास्टर का स्थानांतरण दूसरे डाकघर में हो गया। खाताधारकों ने इसकी शिकायत डाक विभाग के अधिकारियों से भी की, लेकिन अब तक उन्हें उनकी रकम वापस नहीं मिली है।

शिकायत मिलने पर डाक विभाग के वरसियर धीरज यादव ने मामले की जांच की। खाताधारकों के आरोप सही पाए जाने पर उन्होंने कार्रवाई का आश्वासन दिया। खाताधारक सोमारू गुप्ता ने पोस्टमास्टर के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, दूरभाष पर पोस्टमास्टर कपिल ने बताया कि कुछ लोगों का पैसा जमा किया गया था, लेकिन जमा नहीं हो पाया। सभी लोगों का पैसा वापस किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771628 Articles

Share this story