टीका करण के बाद मासूम की मौत

WhatsApp Channel Join Now

बांदा, 23 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में टीका करण के बाद मासूम की अचानक हालत बिगड़ गई। उसे सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरो ने देखने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

गिरवां थाना क्षेत्र के बहेरी गांव निवासी धमेंद्र ने बताया कि उसकी पत्नी संगीता अपने दो माह के पुत्र सुजीत को लेकर अपने मायके नरैनी कोतवाली क्षेत्र के पनगरा गांव गई थी। सुजीत के नाना चुन्नू ने बताया कि संगीता अपने पुत्र सुजीत को लेकर शनिवार को एएनएम सेंटर टीका लगवाने ले गई। बताया जाता है कि उसे दो टीका लगना चाहिए था। दो की जगह उसे तीन टीके लगा दिए गए। रात को अचानक बच्चे की हालत खराब हो गई। रविवार को सुबह सुजीत अचेत हो गया, जिसे सीएचसी नरैनी ले जाया गया। डॉक्टरों ने देखते ही उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के नाना चुन्नू का कहना है कि वैक्सीन की ओवर डोज लगने से उसके नाती की मौत हो गई। सीएचसी अधीक्षक डॉक्टर देव तिवारी का कहना है कि पनगरा उपकेंद्र मे पांच बच्चों के टीका लगाए गए थे। जिसमे चार बच्चे पूरी तरह स्वस्थ्य है। मृतक बच्चे का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और चिकित्सकीय जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Share this story