जिला विद्युत समिति की बैठक में बिजली व्यवस्था सुधार पर जोर, लंबित कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश:बाबू सिंह कुशवाहा

WhatsApp Channel Join Now
जिला विद्युत समिति की बैठक में बिजली व्यवस्था सुधार पर जोर, लंबित कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश:बाबू सिंह कुशवाहा


जिला विद्युत समिति की बैठक में बिजली व्यवस्था सुधार पर जोर, लंबित कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश:बाबू सिंह कुशवाहा


जौनपुर,05 अप्रैल (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में जिला विद्युत समिति की बैठक रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सांसद बाबू सिंह कुशवाहा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जिले की विद्युत व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न समस्याएं उठाईं, जिस पर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने जानकारी दी कि विद्युत विभाग के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों के मोबाइल में जनप्रतिनिधियों के नंबर फीड करा दिए गए हैं। साथ ही जर्जर खंभों का सर्वे कराया जा रहा है और विद्यालयों के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तारों को हटाने की कार्रवाई भी की जा रही है।विधायकों ने विधायक निधि से जुड़े लंबित कार्यों का मुद्दा उठाया, जिस पर अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी लंबित कार्य प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरे किए जाएं। भूमि विवाद से संबंधित मामलों को एक सप्ताह में निस्तारित करने के भी निर्देश दिए गए। बार-बार ट्रांसफार्मर जलने की समस्या पर अध्यक्ष ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जहां ऐसी समस्या है, वहां ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई जाए। साथ ही गर्मी को देखते हुए जरूरत के अनुसार नए ट्रांसफार्मर लगाने, जर्जर तार बदलने और झुके हुए खंभों को ठीक करने के निर्देश दिए गए।बैठक में पीएम सूर्य घर योजना और ओटीएस योजना की जानकारी भी जनप्रतिनिधियों को दी गई। स्मार्ट मीटर से अधिक बिल आने की शिकायतों पर जांच कर समाधान करने के निर्देश दिए गए। रामपुर, गोपालापुर और आशापुर क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर लगने के बावजूद बिजली आपूर्ति न होने के मामलों की जांच के भी आदेश दिए गए। नलकूप विभाग की समीक्षा में 15 दिन के भीतर शेष विद्युतीकरण कार्य पूरा करने को कहा गया, जबकि सिंचाई विभाग को नहरों की सफाई व सड़कों के निर्माण के निर्देश दिए गए।अध्यक्ष ने सभी अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के पत्रों का समय पर जवाब देने और प्रस्तावित कार्यों की सूची एक सप्ताह में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि सभी निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। बैठक में विधायक जगदीश नारायण राय, रमेश सिंह, डॉ. रागिनी सोनकर, पंकज पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story