जनसमस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो होगा बड़ा आंदोलन : हाजी फजल महमूद

WhatsApp Channel Join Now
जनसमस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो होगा बड़ा आंदोलन : हाजी फजल महमूद


कानपुर, 07 मई (हि.स.)। नगर निगम कानपुर की लापरवाही के कारण कानपुर शहर में सफाई व्यवस्था चरमरा गई है, जलभराव और जाम सीवर से लोग परेशान हैं। सीएम-ग्रिड्स योजना के अधूरे निर्माण कार्यों ने व्यापारियों और आम नागरिकों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो समाजवादी पार्टी व्यापक जनआंदोलन करेगी।

यह बातें समाजवादी पार्टी कानपुर महानगर अध्यक्ष हाजी फजल महमूद ने गुरुवार को नगर निगम परिसर में आयोजित धरना-प्रदर्शन के दौरान कही।समाजवादी पार्टी कानपुर महानगर के नेतृत्व में नगर निगम परिसर में विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए। धरने का संचालन महानगर के वरिष्ठ उपाध्यक्ष शैलेंद्र यादव मिन्टू ने किया, जबकि कार्यक्रम का संयोजन दीपक खोटे और अजय श्रीवास्तव ने किया। धरना-प्रदर्शन के बाद समाजवादी पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त का प्रतिनिधित्व कर रहे अपर नगर आयुक्त आवेश खान को मांगपत्र सौंपा। मांगपत्र में शहर की बदहाल सफाई व्यवस्था, जलभराव, जाम सीवर, पेयजल संकट, जर्जर सड़कों, खुले नालों, धूल प्रदूषण, खराब स्ट्रीट लाइटों और कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। अपर नगर आयुक्त आवेश खान ने समाजवादी पार्टी नेताओं को आश्वासन दिया कि पार्टी द्वारा उठाई गई सभी समस्याओं और मांगों पर गंभीरता से कार्यवाही की जाएगी तथा संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी कर जल्द समाधान सुनिश्चित कराया जाएगा।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story