छोटे-छोटे पर्यावरण हितैषी बदलावों से समाज में लाएंगे सकारात्मक परिवर्तन : अदिति शुक्ला

WhatsApp Channel Join Now
छोटे-छोटे पर्यावरण हितैषी बदलावों से समाज में लाएंगे सकारात्मक परिवर्तन : अदिति शुक्ला


कानपुर, 24 सितंबर (हि.स.)। पर्यावरण संरक्षण के लिए रोजमर्रा की आदतों में छोटे-छोटे बदलाव जरूरी हैं। प्लास्टिक का उपयोग कम करने, पुन: उपयोग को बढ़ावा देने और जरूरतमंदों तक उपयोगी सामग्री पहुंचाने के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी को सामाजिक सेवा से जोड़कर लगातार विभिन्न अभियान चलाए जा रहे हैं। यह बातें गुरुवार को ह्यूमेन फाउंडेशन ट्रस्ट की संस्थापक अदिति शुक्ला ने कही।

ह्यूमेन फाउंडेशन ट्रस्ट (जीरो फंड ऑर्गनाइजेशन) की ओर से पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न अभियानों की जानकारी साझा की गई। संस्था पिछले करीब पांच वर्षों से लोगों को पर्यावरण हितैषी आदतें अपनाने के लिए जागरूक कर रही है। इसके तहत ‘अपनी पानी की बोतल साथ रखें’ और ‘अपना थैला साथ रखें’ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य प्लास्टिक की बोतलों और पॉलिथीन के इस्तेमाल को कम करना तथा लोगों को रोजमर्रा के जीवन में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनाना है।

संस्था की ओर से जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए साड़ी बैंक, झोला बैंक और खिलौना बैंक भी संचालित किए जा रहे हैं। इसके माध्यम से उपयोग में न आने वाली लेकिन अच्छी स्थिति की सामग्री को जरूरतमंदों तक पहुंचाया जाता है। संस्था का कहना है कि इससे एक ओर जरूरतमंदों को मदद मिलती है, वहीं दूसरी ओर उपयोगी वस्तुओं की बर्बादी को भी कम किया जा सकता है।

ह्यूमेन फाउंडेशन ट्रस्ट की ओर से वर्ष में दो बार रक्तदान शिविर भी आयोजित किए जाते हैं। इसके अलावा धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में प्लास्टिक का इस्तेमाल रोकने के लिए जीरो वेस्ट भंडारा, शरबत और चाय वितरण जैसी पहल की जा रही है। इन आयोजनों में कचरा कम करने और पर्यावरण के अनुकूल तरीकों को अपनाने पर जोर दिया जाता है।

संस्था ने वर्ष 2026 में पर्यावरण-अनुकूल उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए निशुल्क ईको एंड फ्रेंडली गिफ्ट शॉप शुरू करने का संकल्प लिया है। इसके साथ ही प्राचीन और जीर्ण-शीर्ण मंदिरों के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण की दिशा में भी कार्य करने की योजना बनाई गई है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story