चलने में असमर्थ फरियादी के पास खुद पहुंचे सीओ क्राइम, संवेदनशीलता से सुनी समस्या
फर्रुखाबाद, 23 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में पुलिस की जनसुनवाई के दौरान मानवीय संवेदनशीलता की मिसाल देखने को मिली। पैर में चोट के कारण चलने-फिरने में असमर्थ एक फरियादी की परेशानी को देखते हुए क्षेत्राधिकारी अपराध (सीओ क्राइम) बलजीत सिंह स्वयं उसके पास पहुंचे और उसकी शिकायत सुनी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान सीओ क्राइम ने फरियादी की शारीरिक स्थिति को देखते हुए उसे अपनी समस्या बताने के लिए परेशान नहीं होने दिया। वह खुद उसके पास पहुंचे और पूरे धैर्य के साथ उसकी बात सुनी। साथ ही शिकायत से जुड़े तथ्यों की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस की इस पहल से जनसुनवाई में आमजन की सुविधा, सम्मान और संवेदनशील व्यवहार को प्राथमिकता देने का संदेश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देशन में जिले के पुलिसकर्मियों को आमजन की शिकायतों के प्रति संवेदनशील रहने और उनका समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

