ग्राम पंचायतों को उनकी खुद की आय से पांच गुना राशि विकास कार्यों के लिए मिलेगी

WhatsApp Channel Join Now
ग्राम पंचायतों को उनकी खुद की आय से पांच गुना राशि विकास कार्यों के लिए मिलेगी


जिला पंचायत राज अधिकारी ने प्रदेश सरकार ने जारी किया शासनादेश, आय के स्रोत बढ़ाने के लिए भी किया प्रोत्साहित

मुरादाबाद, 09 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के 1500 तक की आबादी वाली जो ग्राम पंचायत अपनी खुद की जितनी आय सृजित करेगी, प्रदेश सरकार अब उस ग्राम प्रधान को उसकी आय की पांच गुनी धनराशि विकास कार्यों को कराने के लिए देगी।

मुरादाबाद जिले में कुल 643 ग्राम पंचायतें हैं, इनमें अधिकतर ग्राम पंचायतों की खुद की आय नहीं है, कुछ की आय है तो वह वसूल नहीं कर पाती हैं। अब ऐसी छोटी ग्राम पंचायतें, जिनकी आबादी सिर्फ 1500 तक हैं, प्रदेश सरकार इन्हें खुद की आय बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करने जा रही है।

जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक शर्मा ने शनिवार को बताया कि प्रदेश सरकार ने ऐसा शासनादेश जारी किया है, जिसमें यह घोषित किया गया कि 1500 तक की आबादी वाली ग्राम पंचायतों की जितनी खुद की आय होगी, सरकार उसे विकास के लिए उससे पांच गुना धनराशि देगी, जिससे छोटी ग्राम पंचायतों का विकास तेजी से करें।

जिला पंचायत राज अधिकारी की ओर से ग्राम पंचायतों को जारी निर्देश में कहा गया है कि छोटी ग्राम पंचायतें अपनी खुद की आय बढ़ाने के लिए संसाधन बनाएं। साथ ही कर प्रणाली को मजबूत करें, इसके अलावा कुछ ऐसा करें, ताकि उनकी आय में इजाफा हो सके और सरकार से उन्हें अधिक धनराशि मिल सके। उदाहरण की तौर पर यदि किसी छोटी ग्राम पंचायत की खुद की आ पांच लाख रुपये है तो उसे सरकार से 25 लाख रुपये और मिल जाएंगे, जिससे उसका विकास तेजी के साथ हो सकेगा।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story