गोरखपुर में बच्ची की हत्या के विरोध में जौनपुर में प्रदर्शन, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई व एक करोड़ मुआवजे की मांग

WhatsApp Channel Join Now
गोरखपुर में बच्ची की हत्या के विरोध में जौनपुर में प्रदर्शन, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई व एक करोड़ मुआवजे की मांग


जौनपुर, 04 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में 10 वर्षीय बच्ची के कथित अपहरण, दुष्कर्म और हत्या की घटना के विरोध में जौनपुर में मंगलवार को भारतीय नाई कल्याण विकास सेवा समिति के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। समिति के अध्यक्ष दिनेश चंद्र शर्मा के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने सिटी मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपकर आरोपित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में समिति ने आरोप लगाया कि बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या कर शव रोहिन नदी में फेंक दिया गया। मामले के आरोपित सिपाही अभिषेक यादव के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करते हुए मुकदमे की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराकर पॉक्सो अधिनियम एवं अन्य संबंधित धाराओं के तहत शीघ्र कठोरतम दंड दिए जाने की मांग की गई।समिति ने यह भी मांग की कि आरोपित की पूर्व में हुई सेवा बहाली की परिस्थितियों की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता, पर्याप्त सुरक्षा, न्यायिक सहयोग तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए।

प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश के जिला अस्पतालों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने, महिला सुरक्षाकर्मियों की तैनाती और रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने की भी मांग उठाई। इसके अलावा पुलिस भर्ती, तैनाती और बहाली की प्रक्रिया में चरित्र सत्यापन को और अधिक सख्त किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा दोषियों के खिलाफ त्वरित और कठोर कार्रवाई से ही आमजन का कानून व्यवस्था पर विश्वास मजबूत होगा।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story