गांधीजी के आदर्शों को अपनाकर उनके द्वारा दिखाए गए सत्य, अहिंसा, स्वच्छता एवं सेवा के मार्ग पर चलें : मंडल रेल प्रबंधक
मुरादाबाद, 02 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर उत्तर रेलवे, मुरादाबाद मंडल में स्वच्छता पखवाड़ा अभियान-2026 के अंतर्गत मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों, रेलवे कॉलोनियों, स्वास्थ्य केंद्रों एवं अन्य रेलवे परिसरों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता से संबंधित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने महात्मा गांधी जी के आदर्शों एवं उनके द्वारा दिखाए गए सत्य, अहिंसा, स्वच्छता एवं सेवा के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि आज मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव के नेतृत्व में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के प्रारंभ में मंडल रेल प्रबंधक एवं उपस्थित अधिकारियों द्वारा महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी अभियान तक सीमित न रहकर प्रत्येक व्यक्ति के दैनिक व्यवहार का हिस्सा बननी चाहिए। रेलवे परिसरों को स्वच्छ बनाए रखने में रेलकर्मियों के साथ-साथ यात्रियों एवं आमजन की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।
इसके पश्चात रेलवे परिसर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण किया गया। मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने उपस्थित अन्य अधिकारियों के साथ पौधा रोपड़ किया। मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। पौधारोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों का संरक्षण एवं संवर्धन भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी रेलकर्मियों एवं आमजन से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
इसके पश्चात मंडल रेल प्रबंधक द्वारा उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं यात्रियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। उपस्थित सभी लोगों ने रेलवे परिसर एवं अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, गंदगी न फैलाने तथा अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में मंडल रेल प्रबंधक के नेतृत्व में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के कैडेटों के साथ प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी के माध्यम से यात्रियों एवं आमजन को स्वच्छता एवं स्वच्छ भारत के संदेश के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल यांत्रिकी अभियंता/कैरेज एवं वैगन सत्येन्द्र कुमार, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त ऋषि कुमार शुक्ला, वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (ओपी) केके रस्तोगी, मंडल वाणिज्य प्रबंधक पुरुषोत्तम सिंह बघेल सहित मंडल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

