गन्ने की वसंतकालीन बुआई शुरू, फर्जी गन्ना माफियाओं से सतर्क रहें किसान
मुरादाबाद, 21 फरवरी (हि.स.)। पश्चिम उत्तर प्रदेश की मुख्य फसल गन्ने की वसंतकालीन बुआई शुरू हो गई है। ऐसे में गन्ने की फर्जी किस्मों के विक्रेता भी सक्रिय हो गए हैं। इसलिए किसानों को इन फर्जी गन्ना माफियाओं सेे सतर्क रहना चाहिए। उप गन्ना आयुक्त के अनुसार किसानों को स्वीकृत किस्मों की ही बुआई करनी चाहिए। कोई परेशानी हो तो गन्ना विभाग से सीधे संपर्क कर सकते हैं। सीओ 0238 किस्म जो कुछ समय पहले सबसे अच्छी किस्म मानी जाती थी लेकिन अब लाल सड़न रोग के कारण वह खराब हो चुकी है, इसलिए किसान गन्ने की इस किस्म का प्रयोग न करें।
उप गन्ना आयुक्त हरपाल सिंह ने कहा कि जब गन्ने की बुवाई का समय होता है तो कई बड़े किसान गन्ने का बीज बेचने के लिए दुकान खोल लेते हैं। यहां से बीज खरीदने पर यह गारंटी नहीं रहती कि जो किस्म बताई जा रही है, वास्तव में यह बीज उस किस्म का है भी। बाद में शिकायत भी नहीं हो पाती है क्योंकि किस्म की वास्तविकता तब सामने आती है जब गन्ना तैयार होता है। किसानों को ऐसे विक्रेताओं से सावधान रहना होगा।
अच्छी पैदावार वाली नई स्वीकृत किस्में
उप गन्ना आयुक्त हरपाल सिंह ने बताया सीओ 0118 कोसे 13235, सीओ एल के 14201, सीओ 15023, सीओ एलके 16202, कोसे 18231 अच्छी पैदावार वाली गन्ने की नई स्वीकृत किस्में हैं। इसके अलावा निचले जलभराव वाले क्षेत्र के लिए सीओ 98014 किस्म की बुवाई कर सकते हैं।
विभागीय कार्यालय में बने नियंत्रण कक्ष में संपर्क करें
बसंत कालीन बुवाई के समय यदि किसानों को कोई दिक्कत आ रही है तो समाधान के लिए विभागीय कार्यालय में बने नियंत्रण कक्ष दूरभाष संख्या 05914012324 पर संपर्क कर अपनी शंका का समाधान कर सकते हैं ।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

