खिलाड़ियों को मंच देने से निखरेगी खेल प्रतिभा : प्रो विनय कुमार पाठक
कानपुर, 05 नवंबर (हि.स.)। प्रतियोगिता का उद्देश्य विश्वविद्यालय एवं संबद्ध महाविद्यालयों के खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराने के साथ उनकी खेल प्रतिभा को निखारना और प्रोत्साहित करना था। इसके माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और खेल भावना विकसित करने पर भी जोर दिया गया। यह बातें गुरुवार को छत्रपति शाहू जी महाराज विश्विद्यालय (सीएसजेएमयू) के कुलपति प्रो विनय कुमार पाठक ने कही।
विश्वविद्यालय में आज को अंतर- महाविद्यालयीय पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न महाविद्यालयों की टीमों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमखम, रणनीति और शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता का खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता में बंसी कॉलेज की टीम दूसरे और जनता कॉलेज की टीम तीसरे स्थान पर रही। मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों ने बेहतरीन रेडिंग, मजबूत डिफेंस और आपसी तालमेल से दर्शकों को रोमांचित किया।
इस अवसर पर शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. प्रभाकर पाण्डेय, खेल सुविधा निदेशक डॉ. श्रवण कुमार यादव, डॉ. राजेश प्रताप सिंह, डॉ. निमिषा सिंह कुशवाहा, स्पोर्ट्स सेक्रेटरी शुभम हज़ारिया, जॉइंट स्पोर्ट्स सेक्रेटरी सौरभ तिवारी, धर्मेन्द्र कुमार चौहान, अभिषेक कुमार मिश्रा एवं डॉ. आशीष कटियार सहित विभाग के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
क्रीड़ा परिषद एवं शारीरिक शिक्षा विभाग ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों, महाविद्यालयों, निर्णायकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

