कौशांबी : पटाखा फैक्टरी में कई धमाके के बाद आग लगी, रेस्क्यू अभियान जारी

WhatsApp Channel Join Now
कौशांबी : पटाखा फैक्टरी में कई धमाके के बाद आग लगी, रेस्क्यू अभियान जारी


कौशांबी, 31 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में मनौरी गांव के पास एक पटाखा फैक्टरी में साेमवार काे भीषण विस्फोट के बाद आग लग गई। धमाका इतना तेज था कि पूरी फैक्टरी जमींदोज हो गई, जबकि आसपास के पांच से सात मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद फैक्टरी के मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई गई है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने राहत बचाव कार्य शुरू कर दिया है। इस घटना में अभी तक कितने लोगों की मौत हुई है ये स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। रेस्क्यू अभियान जारी है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मनौरी के गांव से कुछ दूरी पर आदिल नाम के व्यक्ति की एक पटाखा फैक्टरी संचालित है। सोमवार दोपहर को इस फैक्टरी में धमाके के बाद आग लग गई। देखते ही देखते कई तेज कई तेज धमाके हाेने से फैक्टरी भराभरकार गिर गई। हादसे के वक्त फैक्टरी में काम कर रहे तकरीबन 20 मजदूर में अफरा-तफरी मच गई। धमाके की आवाज करीब दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। कुछ ही देर में फैक्टरी से उठे धुएं का गुबार पूरे इलाके में फैल गया।

सूचना मिलते ही पुलिस और एयरफोर्स की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं। फायर ब्रिगेड की टीमें भी आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही हैं। पटाखा फैक्टरी में लगातार हो रहे धमाकों के चलते रेस्क्यू टीमों को अंदर पहुंचने में काफी सावधानी बरतनी पड़ रही है।

हादसे से जुड़े कई वीडियो भी सामने आए हैं। इनमें लोग झुलसे हुए लोगों को चारपाई पर लादकर सुरक्षित स्थान की ओर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। कुछ लोग घायल अवस्था में जमीन पर पड़े नजर आ रहे हैं। माैके पर जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल और पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत राहत कार्य तेजी से कराने में जुटे हुए हैं। अधिकारियों के मुताबिक आग पूरी तरह बुझने और रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही हादसे में हुए नुकसान और जनहानि की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Share this story