किशोरावस्था शिक्षा प्रशिक्षण शिविर में पीएम ई विद्या चैनल की दी गयी जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
किशोरावस्था शिक्षा प्रशिक्षण शिविर में पीएम ई विद्या चैनल की दी गयी जानकारी


मुरादाबाद, 13 अगस्त (हि.स.)। किशोरों को स्वस्थ, सुरक्षित और जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल को लेकर एसएस इंटर कॉलेज मुरादाबाद में मंडलीय किशोरावस्था शिक्षा प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन गुरुवार को संदर्भ दाता बबिता मेहरोत्रा के द्वारा पीएम ई विद्या चैनल की जानकारी दी गई व नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई।

इस प्रशिक्षण में मुरादाबाद मंडल के पांचों जनपद मुरादाबाद, अमरोहा, संभल, रामपुर और बिजनौर के पांच-पांच शिक्षक किशोरावस्था से जुड़े संवेदनशील विषयों पर विशेषज्ञों से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहें, ताकि विद्यालयों में विद्यार्थियों को वैज्ञानिक, सामाजिक, भावनात्मक एवं व्यवहारिक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा सके। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य है कि किशोरावस्था को समग्र रूप में देखते हुए इसकी समस्याओं को किस प्रकार से समाधान करते हुए सकारात्मक दृष्टिकोण में बदला जा सकता है।

प्रशिक्षण में मनोवैज्ञानिक डॉ मंगलम द्वारा तनाव प्रबंधन पर चर्चा परिचर्चा की गई तनाव क्या है क्यों होता है और इसका निवारण किस प्रकार से किया जा सकता है माइंडफूलनेस का सत्र भी आयोजित किया गया जिससे किशोर व किशोरी अपने तनाव को व्यवस्थित व संतुलित कर सके।

इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ़ लाइफ स्किल के डायरेक्टर आशीष गौतम द्वारा जीवन कौशल पर चर्चा की गई और बताया गया कि विभिन्न प्रकार के जीवन कौशलों के द्वारा आत्मविश्वास व आत्मसम्मान का विकास होता हैं। संदर्भ दाता सिद्धार्थ वर्मा के द्वारा केस स्टडी कराई गई जिसमें अलग-अलग ग्रुप बनाकर विभिन्न विषयों पर केस स्टडी को स्टडी और प्रस्तुत किया गया। प्रशिक्षण में सोनिया, कल्पना, लोकेश, रीतू, सुनील, सत्य प्रकाश, सचिन, कुमकुम आदि शिक्षक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story