कानपुर देहात : तालाब में संदिग्ध विस्फोटक मोटार्र मिला, जांच में जुटी पुलिस

WhatsApp Channel Join Now
कानपुर देहात : तालाब में संदिग्ध विस्फोटक मोटार्र मिला, जांच में जुटी पुलिस


कानपुर देहात, 10 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जनपद के गजनेर थाना क्षेत्र के जसवापुर गांव में तालाब से एक संदिग्ध विस्फोटक वस्तु (मोटार्र) मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया, तो वस्तु मोटार्र जैसी प्रतीत हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों को तत्काल अलर्ट कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, जसवापुर गांव के कुछ लोगों ने तालाब में पड़ी एक धातु की संदिग्ध वस्तु देखी। वस्तु की बनावट असामान्य होने के कारण ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर गजनेर थाना पुलिस पहुंची और क्षेत्र को खाली कराकर सुरक्षा घेरा बनाकर जांच शुरू की।

डिप्टी एसपी संजय सिंह ने बताया कि बरामद वस्तु प्रथम दृष्टया मोटार्र जैसी लग रही है। इसकी वास्तविक स्थिति और इसमें किसी प्रकार का विस्फोटक पदार्थ मौजूद है या नहीं, इसका पता विशेषज्ञ जांच के बाद ही चल सकेगा।

मौके पर एफएसएल टीम को बुलाया गया, जिसने जांच के लिए जरूरी नमूने और साक्ष्य एकत्र किए। वहीं झांसी से बम निरोधक दस्ते को भी बुलाकर वस्तु की तकनीकी जांच कर उसे सुरक्षित तरीके से हटाने या निष्क्रिय करने की कार्रवाई करेगा।

फिलहाल पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि संदिग्ध मोटार्र तालाब तक कैसे पहुंचा। जांच एजेंसियां इसके पीछे की परिस्थितियों और संभावित स्रोतों का पता लगाने में जुटी हैं। एहतियात के तौर पर ग्रामीणों को घटनास्थल से दूर रहने और किसी भी संदिग्ध वस्तु की सूचना तत्काल पुलिस को देने के निर्देश दिए गए हैं।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। विशेषज्ञों की रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि तालाब से मिली वस्तु वास्तव में मोटार्र है या कोई अन्य सैन्य उपकरण।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / अवनीश अवस्थी

Share this story