कलेक्ट्रेट सभागार में संविधान दिवस पर डॉ. आंबेडकर को किया नमन
हाथरस, 26 नवंबर (हि.स.)। संविधान दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी ने डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि संविधान की मूल भावना समानता, स्वतंत्रता, न्याय और व्यक्ति की गरिमा को बनाए रखना हम सभी का दायित्व है।
जिलाधिकारी ने कहा कि संविधान के प्रथम शब्द ‘हम भारत के लोग’ लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति को दर्शाते हैं। संविधान नागरिकों को अधिकार देने के साथ उनके कर्तव्यों का भी बोध कराता है। उन्होंने अधिकारियों से जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने तथा प्रत्येक नागरिक की गरिमा का सम्मान करने की अपील की। साथ ही मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने और जनगणना में सहभागिता पर जोर दिया।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रकाश चंद्र, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व प्रशांत तिवारी, वरिष्ठ कोषाधिकारी, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं मंत्री सहित अधिवक्ता और कलेक्ट्रेट के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

