औरैया: अजीतमल तहसील समाधान दिवस में 81 शिकायतें आईं, 12 का मौके पर निस्तारण

WhatsApp Channel Join Now
औरैया: अजीतमल तहसील समाधान दिवस में 81 शिकायतें आईं, 12 का मौके पर निस्तारण


औरैया, 21 नवम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में तहसील अजीतमल में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी बृजेश कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कुल 81 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 12 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

समाधान दिवस में मोहल्ला सूर्यनगर निवासी अयोध्या सिंह और अन्य लोगों ने सीओ कॉलोनी के तिराहे पर जलभराव की समस्या उठाई। शिकायतकर्ताओं का आरोप था कि नगर पंचायत बाबरपुर-अजीतमल के अधिशासी अधिकारी ने पूर्व में भ्रामक आख्या देकर शिकायत का निस्तारण दर्शा दिया, जबकि मौके पर समस्या जस की तस बनी हुई है।

उन्होंने बताया कि नगर पंचायत का नाला क्षतिग्रस्त है और मानकों के अनुरूप निर्माण नहीं कराया गया है। वहीं, चिकित्सकों के आवास की ओर जाने वाले रास्ते पर चैंबर बनाए जाने से आवागमन भी बाधित हो रहा है। इस पर डीएम ने एसडीएम न्यायिक को स्थलीय निरीक्षण कर जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

ग्राम पचदेवरा निवासी हरिकृष्ण आर्य ने गाटा संख्या 205 की 0.162 हेक्टेयर भूमि पर गांव के ही सुरेश सिंह यादव और उनके पुत्र आनंद यादव व उदित यादव पर दोबारा जबरन कब्जा करने का आरोप लगाया। उन्होंने परिवार की सुरक्षा और भूमि को कब्जामुक्त कराने की मांग की। शिकायतकर्ता ने पूर्व में भूमि विवाद को लेकर अपने चचेरे भाई तेजप्रकाश पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किए जाने की बात भी बताई। डीएम ने एसडीएम अजीतमल को मौके पर जाकर जांच करने के निर्देश दिए। इसी तरह फरियादियाें की शिकायतें सुनकर अधिकारियाें ने विभाग के अफसराें काे जल्द से जल्द निस्तारण के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे। अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच करें और निष्पक्ष तरीके से समस्या का समाधान कराएं। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं को एक ही समस्या के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं एसडीएम अजीतमल विनोद कुमार मीणा, प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संत कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781028 Articles

Share this story