उप्र में सघन प्रवर्तन अभियानों एवं जागरूकता कार्यक्रमों से दुर्घटनाओं एवं जनहानि में आई कमी : दयाशंकर सिंह
लखनऊ, 16 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने मंगलवार को बताया कि राज्य सरकार द्वारा सड़क सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए चलाए गए सघन प्रवर्तन अभियानों और जागरूकता कार्यक्रमों के बेहद सकारात्मक और उत्साहजनक परिणाम सामने आए हैं।
उन्होंने बताया कि परिवहन विभाग की ओर से प्रदेश में विगत तीन माह (मार्च, अप्रैल एवं मई 2026) की घातक सड़क दुर्घटनाओं और उन पर की गई विभागीय कार्यवाही के आंकड़े जारी किए गए हैं।
इन आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली जनहानि में अभूतपूर्व कमी आई है। यह सफलता ओवर स्पीडिंग पर लगाम कसने और यातायात नियमों के उल्लंघनकर्ताओं के विरुद्ध की गई कठोर दंडात्मक कार्यवाही का सीधा परिणाम है।
विगत तीन माह (मार्च-मई 2026) में सड़क दुर्घटनाओं और मृत्यु दर में निरंतर कमी दर्ज की गई है। ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति मोटर यान अधिनियम की धारा 19 के तहत 797 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित, 20 पूर्णतः निरस्त किये गये हैं।
मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि मई माह में सघन चेकिंग के परिणाम स्वरूप दुर्घटनाएं घटकर 1,004 पर आ गई है। दुर्घटना के मामलों में भी भारी गिरावट दर्ज हुई है।
परिवहन मंत्री ने बताया कि दुर्घटनाओं एवं जनहानि (मृत्यु) में निरंतर गिरावट देखी जा रही है। सड़क सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन के चलते विगत तीन माह में घातक दुर्घटनाओं (जिनमें एक या अधिक जनहानि हुई हो) का ग्राफ तेजी से नीचे आया है। मार्च 2026 में प्रदेश में कुल 1,876 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गई, जिनमें 2,008 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। लेकिन अप्रैल 2026 में सुरक्षा उपायों के चलते आंकड़ों में कमी दर्ज की गई। कुल दुर्घटनाएं घटकर 1,697 और मृतकों की संख्या 1,838 रह गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

