अवैध वसूली के मामले में विद्युत लाइनमैन के खिलाफ जांच शुरु

WhatsApp Channel Join Now
अवैध वसूली के मामले में विद्युत लाइनमैन के खिलाफ जांच शुरु


मुरादाबाद, 22 सितम्बर (हि.स.)। संयुक्त विकास आयुक्त ने दलपतपुर उपकेंद्र के एक लाइनमैन के खिलाफ अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड (ग्रामीण) को जांच करने के निर्देश दिए हैं। आरोप है कि लाइनमैन ने उपभोक्ताओं को नया कनेक्शन देने के लिए सुविधा शुल्क लिए हैं। इस मामले में शिकायतकर्ता ने साक्ष्य के रूप में कॉल रिकॉर्डिंग उपलब्ध कराया है।

ग्राम चमरौआ अक्का डिलारी निवासी मो. नासिर ने संयुक्त विकास आयुक्त विनय कुमार तिवारी को एक प्रार्थनापत्र देकर बताया कि दलपतपुर विद्युत उपकेंद्र का लाइनमैन क्षेत्र में काफी धांधली कर रहा है। आरोप लगाया कि लाइनमैन नियमों के खिलाफ उपभोक्ताओं से एक हजार रुपये प्रति कनेक्शन अवैध ढंग से वसूल कर रहा है लेकिन किसी को रसीद उपलब्ध नहीं कराया है। लाइनमैन ने अवैध रूप से खंभा भी लगवाया है।

उपभोक्ताओं से अवैध वसूली के मामले में कॉल रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध है। शिकायतकर्ता ने गांव में 350 मीटर खतरनाक विद्युत लाइन को हटाने की मांग की है। संयुक्त आयुक्त ने इस प्रकरण की जांच अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड (ग्रामीण) को करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही एक सप्ताह में जांच रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है। इस मामले से मंडलायुक्त को भी अवगत कराया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story