अवैध मादक पदार्थों के सेवन और क्रय-विक्रय करने वालों पर करें कठोर कानूनी कार्रवाई : मुख्य सचिव
--मुख्य सचिव एस.पी.गोयल की अध्यक्षता में एनकॉर्ड की राज्य स्तरीय समिति की हुई बैठक
लखनऊ, 23 मार्च (हि.स.)। मुख्य सचिव एस.पी.गोयल की अध्यक्षता में नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर (एनकॉर्ड) की राज्य स्तरीय समिति की सोमवार को बैठक आयोजित की गई। बैठक में मादक पदार्थों की तस्करी, सेवन एवं विक्रय पर अंकुश लगाने तथा नशा मुक्ति जागरूकता अभियानों को और प्रभावी बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्य सचिव ने बैठक को सम्बोधित करते हुए सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि नशा उन्मूलन के इस अभियान में पूर्ण समन्वय एवं गंभीरता के साथ कार्य करें। सभी जनपदों में प्रत्येक माह कम से कम दो एनकॉर्ड (नारकोटिक्स को-ऑर्डिनेशन) बैठकें अनिवार्य रूप से आयोजित होनी चाहिए। जिन जनपदों में इस वर्ष बैठकें निर्धारित संख्या से कम हुई हैं। उन्हें इस संबंध में सख्त निर्देश दिए जाएं। उन्होंने जोर देकर कहा कि अवैध मादक पदार्थों के सेवन एवं उनके क्रय-विक्रय में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि समाज विशेषकर युवा पीढ़ी इस खतरे से सुरक्षित रहे।
बैठक में जिला स्तरीय एनकॉर्ड बैठकों में में पीआईटी एनडीपीएस के तहत चिन्हित अभियुक्तों की गिरफ्तारी की प्रगति, सफेमा (धारा 68 ई एवं एफ) के अंतर्गत एनडीपीएस एक्ट के तहत चिन्हित अभियुक्तों की संपत्ति जब्ती की स्थिति, वैध अफीम खेती वाले जनपदों में पुलिस, राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम द्वारा लाइसेंस प्राप्त अफीम कृषकों की फसल का भौतिक सत्यापन, समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित नशा मुक्ति केंद्रों के कार्यों की समीक्षा, नशा मुक्त भारत अभियान (एनएमबीए) के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की प्रगति, आबकारी विभाग द्वारा भांग की दुकानों पर गांजा की बिक्री पर सतत निगरानी तथा पुलिस के अतिरिक्त शिक्षा विभाग की ओर से स्कूलों में चलाए जा रहे जागरूकता कार्यक्रमों की गहनता से समीक्षा की जाए। इसके अलावा विभिन्न एनजीओ द्वारा संचालित डी-एडिक्शन केन्द्रों की नियमित समीक्षा और जांच की जाए।
यह भी कहा कि प्रदेश में भांग की लाइसेंसी दुकानों के संबंध में समीक्षा कर ली जाए एवं इन दुकानों की संख्या को वहां की क्षेत्रीय आवश्यकता का आंकलन कर सीमित किया जाए। कोडीन युक्त कफ सिरप की आपूर्ति एवं बिक्री की निगरानी हेतु ऑफलाइन व्यवस्था के स्थान पर ऑनलाइन व्यवस्था तैयार की जाए तथा स्टॉक रखने के स्थान का भौतिक सत्यापन अवश्य कराया जाए। फर्जी फर्मों, अवैध भंडारण या बिक्री में लिप्त पाए जाने पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाए।
मुख्य सचिव ने आगे कहा कि प्रदेश के स्कूलों, कॉलेजों, छात्रावासों तथा अन्य संवेदनशील स्थानों के आसपास चिह्नित हॉटस्पॉट्स पर प्राथमिकता के आधार पर सख्त एवं नियमसंगत कार्रवाई की जाए। जहां भविष्य में हॉटस्पॉट बनने की संभावना हो, वहां विशेष निगरानी रखी जाए तथा नियमित नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाए जाएं।
बैठक में पुलिस महानिरीक्षक, एएनटीएफ श्री अब्दुल हमीद ने जानकारी दी कि वर्ष 2025 में एनकॉर्ड की 846 व 2026 में माह फरवरी तक 144 जिला स्तरीय गोष्ठियां आयोजित की गयी है। उत्तर प्रदेश में मादक पदार्थों का निस्तारण और डिस्पोजल की कार्यवाही नियमित रूप से करायी जा रही है, एएनटीएफ के गठन के पश्चात 2022 से 2026 फरवरी तक कुल 2,71,802 किग्रा. माल का निस्तारण कराया जा चुका है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 925 करोड़ रुपए है।
अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध वर्ष 2026 में फरवरी तक कुल 840 अभियोग पंजीकृत किये गये तथा 1,176 व्यक्तियों की गिरफ्तारी तथा 6229.78 किग्रा0 अवैध मादक पदार्थों की बरामदगी की गई।
इसी प्रकार एएनटीएफ द्वारा वर्ष 2026 में अब तक 56 अभियोग पंजीकृत किये गये तथा 107 अभियुक्तों की गिरफ्तारी व 53 करोड़ 98 लाख 20 हजार रुपये की 2827.50 किग्रा अवैध मादक पदार्थों की बरामदगी की गई।
उत्तर प्रदेश में विगत 10 वर्षों के मादक पदार्थों की जब्ती के आधार पर 10 हॉट- स्पॉट चयनित किया गया है तथा 20 हाई वैल्यू टारगेट चिन्हित करने हेतु सम्बन्धित पुलिस आयुक्त/जनपदीय पुलिस अधीक्षक को निर्देशित किया गया है।
यूपी दिवस 2026 के अवसर पर बीते 24 से 26 जनवरी 2026 के मध्य राष्ट्र प्रेरणा स्थल, लखनऊ में एएनटीएफ द्वारा लीफलेट, पैम्फलेट, ब्राउजर, सैल्फी पॉइंट, टीवी स्क्रीन व बैच के माध्यम से नशे के विरूद्ध जागरूकता व प्रचार-प्रसार किया गया तथा नशे के विरूद्ध लगभग 600 व्यक्तियों को ई-शपथ दिलाकर प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया।
भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की 19वीं राष्ट्रीय जम्बुरी में उत्तर प्रदेश पुलिस की प्रदर्शनी में एएनटीएफ द्वारा लीफलेट, सेल्फी प्वाइंट, पैम्फलेट, टीवी स्क्रीन आदि के माध्यम से नशे के विरूद्ध जागरूकता व प्रचार-प्रसार कर नशे के विरूद्ध लगभग 1500 व्यक्तियों को ई-शपथ दिलाकर प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया।
एएनटीएफ ने 7 फरवरी 2026 को मादक पदार्थों के सेवन व उसके दुरूपयोग के बारे में आम जनमानस को जागरूक करने के लिए पैदल रैली का आयोजन कराया गया। इसके अलावा, सिनेमाघरों, ट्रैफिक कंट्रोल रूम व रेडियों चैनलों द्वारा मादक पदार्थों के विरुद्ध प्रचार-प्रसार कराया गया। मादक पदार्थों के सेवन के विरुद्ध साईकिल रैली, नुक्कड़ नाटक, योगा व स्कूल के बच्चों के साथ पैदल रैली का आयोजन किया गया।
बैठक में अपर मुख्य सचिव समाज कल्याण एल. वेंक्टेश्वर लू, प्रमुख सचिव राज्यकर कामिनी चौहान रतन, आबकारी आयुक्त डॉ. आदर्श सिंह, सचिव गृह मोहित गुप्ता समेत संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

