अमेठी में निकला अमारी का जुलूस, अज़ादारों ने पेश किया अलविदाई पुरसा
अमेठी, 22 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद अमेठी के मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र के भनौली गांव में शनिवार को आठ रबीउल अव्वल के मौके पर पारंपरिक अमारी का जुलूस अकीदत और गमगीन माहौल में निकाला गया। अंजुमन सिपाहे हुसैनी भनौली सादात के तत्वावधान में आयोजित जुलूस में बड़ी संख्या में अज़ादारों ने शिरकत की। इस दौरान पुलिस प्रशासन की व्यवस्था चुस्त दुरुस्त रही।
मुसाफिरखाना कोतवाली के प्रभारी विवेक कुमार सिंह ने बताया कि जामा मस्जिद इमामबाड़ा से जुलूस बरामद हुआ। जुलूस इसौली रोड, दरगाह आलिया और छोटे इमामबाड़े से होता हुआ बड़े इमामबाड़े पहुंचा। रास्ते भर अंजुमनों ने नौहा-मातम किया। मौलानाओं ने तकरीर के माध्यम से इमाम हुसैन के पैगाम को लोगों तक पहुंचाया। जुलूस में स्थानीय अंजुमनों के साथ देश के विभिन्न हिस्सों से आईं मशहूर अंजुमनों ने भी हिस्सा लिया। अज़ादारों और जायरीनों की सुविधा के लिए जगह-जगह सबील और लंगर की व्यवस्था की गई। लोगों के लिए खाने-पीने का भी इंतजाम रहा। जुलूस की निजामत और नकाबत की जिम्मेदारी जीशान अली आजमी ने निभाई। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन और पुलिस की ओर से भी व्यापक इंतजाम किए गए। पूरे जुलूस मार्ग पर पुलिस बल तैनात रहा और निगरानी की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

