अतिवृष्टि, राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने व त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now

लखनऊ, 26 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में पिछले 48 घंटों से जारी भारी वर्षा एवं प्रतिकूल मौसम की स्थिति को देखते हुए राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार समीक्षा की जा रही है। राहत आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने शनिवार को प्रभावित जनपदों के जिलाधिकारियों को अतिवृष्टि से प्रभावित परिवारों से व्यक्तिगत रूप से मिलकर उनकी समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक परिस्थिति में आमजन की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना जिलाधिकारियों की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

राहत आयुक्त ने बताया कि प्रदेश के 63 जनपदों में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई है। पूरे प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान सामान्य से 19 गुना अधिक वर्षा हुई है। उन्होंने बताया कि पिछले 48 घंटों में अतिवृष्टि एवं आंधी-तूफान के कारण प्रदेश में 15 जनहानि, 4 पशुहानि तथा 117 मकानों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना प्राप्त हुई है। इसके अतिरिक्त 5 व्यक्ति घायल हुए हैं। जनहानि के मामलों में अमेठी, बहराइच, बांदा, बाराबंकी, बस्ती, फतेहपुर, हमीरपुर, हरदोई एवं कानपुर नगर में 1-1, अयोध्या में 2 तथा लखीमपुर खीरी में 4 जनहानियां हुई हैं। बहराइच में दीवार गिरने से 01 तथा बस्ती में आंधी-तूफान के कारण एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है। अतिवृष्टि एवं आंधी-तूफान से अमेठी में 01, फर्रूखाबाद 01, कासगंज 01, मैनपुरी 01, बलिया 02, बलरामपुर 02, प्रतापगढ़ 02, संतकबीरनगर 02, वाराणसी 02, गाजीपुर 03, कानपुर देहात 03, बहराइच 05, सुल्तानपुर 05, औरया 07, पीलीभीत 07, जालौन 21, बांदा में 32 तथा हरदोई में 14 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं।

राहत आयुक्त ने संबंधित जिलाधिकारियों को जनहानि, पशुहानि एवं मकान क्षति के मामलों में पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावितों को तत्काल अनुमन्य सहायता राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने तथा भारी वर्षा से हुई क्षति का तत्काल सर्वेक्षण एवं आकलन कराकर प्रभावित व्यक्तियों को नियमानुसार राहत सहायता का शीघ्र वितरण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही, वर्षा से फसलों को हुए नुकसान का आकलन कराकर प्रभावित किसानों को नियमानुसार सहायता राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल सहायता के लिए राहत हेल्पलाइन ’1070’ पर संपर्क कर सूचना दें।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story