पशुओं से मनुष्यों में फैलने वाले रोगों की रोकथाम के लिए कार्यशाला
लखनऊ, 09 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के पशुपालन विभाग की ओर से पशु चिकित्सकों के लिए पशुओं से मनुष्यों में फैलने वाले एवं प्राथमिक पशु रोगों को रोकने के लिए लखनऊ के एक होटल में दो दिवसीए प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का शुभारम्भ गुरूवार को विशेष सचिव पशुपालन विभाग देवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर पशु चिकित्सकों को संबोधित करते हुए देवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने कहा कि कई गंभीर बीमारियां पशुओं के वायरस से हुई हैं। इस कार्यशाला के बाद पशुपालन विभाग के जानकार जनपदों में जाकर विभाग के चिकित्सकों को प्रशिक्षण देंगे। उन्होंने कहा कि कोई भी संक्रमण होने से पूर्व उसे चिन्हित कर लेंगे। इससे वहीं पर उसे नियंत्रित किया जा सकेगा। गोरखपुर एवं पीलीभीत के अलावा प्रदेश में जितनी रामसर साइट हैं वहां पर विशेष अभियान चलाया जायेगा। डाॅ. संजय त्रिपाठी ने आभार जताया। कार्यशाला में पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डाॅ. राहुल चन्द्रा, डाॅ. विवेकानंद गंगवार, निदेशक डाॅ. संगीता तिवारी और डाॅ. राजेन्द्र प्रसाद उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

