ई-रिक्शा व ई-ऑटो के संचालन में जोनवार व्यवस्था लागू

WhatsApp Channel Join Now
ई-रिक्शा व ई-ऑटो के संचालन में जोनवार व्यवस्था लागू


कानपुर, 25 फरवरी (हि.स.)। शहर की बदहाल यातायात व्यवस्था सुधारने और अव्यवस्था का कारण बन रहे ई-रिक्शा व ई-ऑटो को संगठित करने की दिशा में पुलिस ने नई कलर कोड क्यूआर स्टीकर व्यवस्था लागू कर दी है। बुधवार को रेलबाजार स्थित ट्रैफिक पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने हरी झंडी दिखाकर इस व्यवस्था की शुरुआत की और जोनवार रंगीन क्यूआर कोड स्टीकर वितरित किए।

इस नई व्यवस्था के तहत अब हर ई-रिक्शा और ई-ऑटो को अपने निर्धारित जोन के अनुसार विशिष्ट रंग का क्यूआर कोड स्टीकर लगाना अनिवार्य होगा। शहर को सात जोन—रेड, ग्रीन, धानी, ब्लू, येलो, वायलेट और पिंक—में विभाजित किया गया है। अब प्रत्येक वाहन केवल अपने आवंटित जोन में ही संचालन कर सकेगा। इससे अवैध संचालन पर रोक लगेगी और मुख्य मार्गों पर लगने वाले जाम में कमी आएगी।

अपर पुलिस उपायुक्त यातायात राजेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि क्यूआर कोड स्टीकर डिजिटल निगरानी का जरिया होगा। इसे स्कैन करने पर वाहन और चालक से जुड़ी पूरी जानकारी—रजिस्ट्रेशन, बीमा, फिटनेस और ड्राइविंग लाइसेंस उपलब्ध होगी। इससे यात्रियों को सत्यापित चालक और फिट वाहन से यात्रा करने का भरोसा मिलेगा और किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सम्भव होगी।

ई-रिक्शा/ई-ऑटो मालिक अपने सम्बंधित थाना या सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) कार्यालय परिसर में बने काउंटर पर रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट, बीमा, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और फिटनेस प्रमाण पत्र जमा कराकर स्टीकर प्राप्त कर सकते हैं। यह प्रक्रिया बुधवार से शुरू कर दी गई है। छह मार्च से बिना स्टीकर या जोन से बाहर संचालन करने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ट्रैफिक पुलिस ने जनता से सहयोग की अपील की है। किसी भी शिकायत या असुविधा की सूचना ट्रैफिक मीडिया हेल्पलाइन नंबर 9305104387 पर दी जा सकती है। अधिकारियों का कहना है कि इस पहल से जाम में राहत के साथ शहर की यातायात व्यवस्था और छवि में सुधार होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story