युवती को बहला -फुसलाकर ले जाने का आरोप

WhatsApp Channel Join Now
युवती को बहला -फुसलाकर ले जाने का आरोप


हाथरस, 25 अप्रैल (हि.स.)। सादाबाद कोतवाली क्षेत्र से एक युवती संदिग्ध परिस्थिति में लापता हो गई है। परिजनों ने एक युवक पर युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने और घर से सोने-चांदी के आभूषण व नगदी भी साथ ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मोहल्ला महो, हाथरस निवासी घनश्याम ने कोतवाली सादाबाद में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनकी 18 वर्षीय पुत्री 14 अप्रैल 2026 को अपनी नानी, निवासी ग्राम झगरार, थाना सादाबाद के घर रहने गई थी। 21 अप्रैल की सुबह करीब 8:30 युवती अचानक घर से गायब हो गई। नानी ने जब घर में तलाश की, तो संदूक में रखे सोने-चांदी के आभूषण और लगभग 10 हजार रुपये नकद भी गायब मिले। गायब हुए आभूषणों में गले का सेट, दो जोड़ी झुमकी, तीन अंगूठी मर्दानी, तीन अंगूठी, तोड़िया, एक जोड़ी अलग झाले और एक सोने की चेन पेंडल सहित शामिल हैं, जिनका कुल वजन लगभग 30 ग्राम बताया गया है। इसके अतिरिक्त, लगभग 500 ग्राम वजन की दो जोड़ी चांदी की पायलें भी नहीं मिलीं।

परिजनों ने आरोप लगाया है कि मोहित पुत्र उदयवीर नामक युवक को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है और वह उक्त आभूषण व नगदी भी साथ ले गया है। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों ने युवती की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। पुलिस का कहना है कि उन्हें तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Share this story