चार दिन से बंद था घर, खोला तो फंदे से लटका मिला युवक का शव

WhatsApp Channel Join Now
चार दिन से बंद था घर, खोला तो फंदे से लटका मिला युवक का शव


फिरोजाबाद, 31 अगस्त (हि.स.)। थाना नारखी क्षेत्र अन्तर्गत सोमवार को युवक का शव फंदे से लटका मिला। यह घर पिछले चार दिन से बंद था। सूचना पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

थाना नारखी क्षेत्र के गांव गढ़ी कल्याण निवासी बनी सिंह (26) पुत्र अमर पाल सिंह के घर से सोमवार को दुर्गंध आ रही थी। आस पास के लोगों को जब इसकी जानकारी हुई तो वह हैरान रह गए क्योंकि उसका घर पिछले चार दिन से बंद था। अनहोनी की आशंका को लेकर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर इलाका पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस गेट खोलकर घर के अंदर पहुंची तो कमरे में बनी सिंह का शव फंदा से लटका था। शव से इतनी दुर्गंध आ रही थी कि ग्रामीण अंदर जाने की जहमत नहीं उठा सके। थाना प्रभारी ने फोरेंसिक टीम को बुला लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।

थाना प्रभारी राकेश कुमार गिरि ने बताया कि फंदा पर लटकने से युवक की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

Share this story