कलाम के सपनों को साकार करेंगे युवा : पूर्व आईएएस अभिषेक सिंह
जौनपुर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में मोहम्मद हसन पीजी कॉलेज के सौदागर हॉल में गुरुवार को डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती पर ‘उड़ान कलाम मंच’ के तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पूर्व आईएएस अधिकारी अभिषेक सिंह ने युवाओं से ज्ञान, अनुशासन और परिश्रम के बल पर अपने सपनों को साकार करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता अभिषेक सिंह ने कहा कि युवा अपनी प्रतिभा पहचानें, असफलताओं से सीखें और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। डॉ. कलाम का जीवन इस बात का उदाहरण है कि दृढ़ संकल्प और मेहनत से साधारण परिस्थितियों में भी असाधारण उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता लेफ्टिनेंट कर्नल पुष्पेंद्र सिंह ने की। उन्होंने युवाओं से स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन, साहस और कर्तव्यनिष्ठा के साथ आगे बढ़ने की अपील की। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अब्दुल कादिर खान ने अतिथियों का स्वागत करते हुए डॉ. कलाम के जीवन, सादगी, वैज्ञानिक उपलब्धियों और राष्ट्रप्रेम पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों, नाटकों और प्रस्तुतियों के माध्यम से डॉ. कलाम के संघर्ष एवं योगदान को प्रदर्शित किया। कार्यक्रम का संचालन अहमद अब्बास खान और शादॉं जबीं ने संयुक्त रूप से किया।
इस मौके पर पूर्वांचल विश्वविद्यालय के समन्वयक डॉ. शशिकांत यादव सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को शिक्षा, नवाचार और राष्ट्रसेवा के जरिए विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

