अब तक 75 जनपदों में 1500 से अधिक युवा पर्यटन क्लब गठित -जयवीर सिंह

WhatsApp Channel Join Now
अब तक 75 जनपदों में 1500 से अधिक युवा पर्यटन क्लब गठित -जयवीर सिंह


लखनऊ, 25 जून (हि.स.)। युवा पर्यटन क्लब के अंतर्गत की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों को सफलतापूर्वक संचालन करने के लिए 03 करोड़ रूपये की धनराशि स्वीकृत की गयी है। युवा पर्यटन क्लब का मुख्य उद्देश्य युवाओं को पर्यटन राजदूतों के रूप में विकसित करना है। इन पर्यटन क्लबों की प्राकृतिक संपदा के संरक्षण, सांस्कृतिक विरासत के साथ-साथ पर्यटन के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका होगी। युवा पर्यटन क्लबों में विभिन्न स्कूलों एवं कालेजों के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को शामिल किया गया है। अब तक 75 जनपदों में 1500 से अधिक युवा पर्यटन क्लब गठित करते हुए 30 हजार से अधिक विद्यार्थियों को जोड़ा गया है।

यह जानकारी प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह ने गुरुवार काे दी। उन्होंने बताया कि युवा पर्यटन क्लबों द्वारा रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों का आयोजन किया जाता है। इन गतिविधियों का उद्देश्य छात्रों में पर्यटन के प्रति रूचि जगाने के साथ ही रचनात्मक कार्यों को प्रोत्साहित और सामूहिक सहभागिता को बढ़ावा देना है। उ0प्र0 में पर्यटन के क्षेत्र में तीव्र गति से विकास हो रहा है। युवाओं के लिए इस क्षेत्र में कैरियर की असीम संभावनायें हैं। इसी दृष्टिकोण से पर्यटन विभाग अधिक से अधिक युवाओं को पर्यटन से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया है। पर्यटन सेक्टर में युवा शक्ति के आने से पर्यटन में और तेजी से विकास होगा। इसके साथ ही देश प्रदेश की अर्थव्यवस्था को अधिक मजबूती मिलेगी।

जयवीर सिंह ने आगे बताया कि उ0प्र0 केवल आस्था का केन्द्र नहीं बल्कि भारत की सांस्कृतिक चेतना, अध्यात्मिक परम्परा और ज्ञान-विरासत का प्रतिनिधि प्रदेश है। इसलिए पर्यटन विकास को केवल आधारभूत ढ़ाचे तक सीमित न रखकर इसे सांस्कृतिक पुनर्जागरण, स्थानीय अर्थव्यवस्था, रोजगार सृजन और वैश्विक पहचान से जोड़कर आगे बढ़ाया जा रहा है। प्रदेश की सांस्कृतिक अर्थव्यवस्था को नई गति देने के लिए प्रदेश के समस्त 75 जनपदों में आस्था स्थलों को सहेजा जा रहा है। इससे स्थानीय उत्पादों हस्तशिल्प, पारम्परिक कला, खानपान एवं सेवा सेक्टर को व्यापक अवसर प्राप्त होगा। इसको आगे बढ़ाने में पर्यटन क्लबों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story