नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं युवा : डॉ. सीमा सोनकर
कानपुर, 08 अगस्त (हि.स.)। नशे के खिलाफ युवाओं को जागरूक करने के लिए लगातार प्रयास जरूरी हैं। युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ नशा मुक्त समाज के निर्माण में योगदान देना चाहिए। यह बातें शनिवार को अधिष्ठाता, सामुदायिक विज्ञान डॉ. सीमा सोनकर ने चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आयोजित नुक्कड़ नाटक के दौरान कहीं।
सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय में ‘विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा संकल्प अभियान’ के तहत नशा मुक्ति एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे की लत से होने वाले स्वास्थ्य, शिक्षा, पारिवारिक और सामाजिक दुष्प्रभावों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
नाटक के जरिए युवाओं को नशे की आदत छोड़कर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। छात्राओं ने नशा मुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका को भी रेखांकित किया।
डॉ. सीमा सोनकर ने छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने छात्राओं को इस अभियान को आगे बढ़ाने और समाज में सकारात्मक संदेश देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम अधिष्ठाता, छात्र कल्याण डॉ. मुकेश श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में हुआ। आयोजन डॉ. विनिता सिंह ने कराया, जबकि डॉ. जया वर्मा और डॉ. ऐश्वर्या सिंह ने समन्वय किया। इस अवसर पर डॉ. मुक्ता गर्ग ने भी छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

