पर्यावरण संरक्षण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं युवा : प्रो. आरके द्विवेदी

WhatsApp Channel Join Now
पर्यावरण संरक्षण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं युवा : प्रो. आरके द्विवेदी


कानपुर, 24 सितंबर (हि.स.)। पर्यावरण संरक्षण को केवल अभियान तक सीमित न रखकर इसे विद्यार्थियों को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। एनएसएस विद्यार्थियों में सेवा के साथ सामाजिक और पर्यावरणीय जिम्मेदारी विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। यह बातें गुरुवार को स्कूल ऑफ बेसिक साइंसेज के निदेशक प्रो. आरके द्विवेदी ने एनएसएस दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में कहीं।

छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के स्कूल ऑफ बेसिक साइंसेज और राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) यूनिट-फाेर ‘विश्वेश्वरैया यूनिट’ के संयुक्त तत्वावधान में एनएसएस दिवस- पर पर्यावरण जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में स्वयंसेवकों ने विद्यार्थियों और विश्वविद्यालय समुदाय को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जल संरक्षण, प्लास्टिक का कम उपयोग, हरित परिसर और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया।

उपनिदेशक प्रो. अंजू दीक्षित ने स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि युवा शक्ति पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास को जन-आंदोलन में बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। कार्यक्रम संयोजक डॉ. द्रौपती यादव ने बताया कि अभियान का उद्देश्य सेवा, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश विद्यार्थियों तक पहुंचाना रहा।

कार्यक्रम में एनएसएस स्वयंसेवकों और विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता की। अधिकारियों ने युवाओं से पर्यावरण संरक्षण के लिए जिम्मेदार नागरिक के रूप में निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story