गहरे कुएं में युवक ने लगाई छलांग, मौत
हमीरपुर, 13 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले मे मझगवां थाने के कोठा गांव में सोमवार को एक युवक ने कुएं में छलांग लगा दी जिससे उसकी माैत हाे गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
जानकारी के अनुसार कोठा गांव निवासी जमुना अहिरवार 35 पुत्र जगतराज शराब पीने का आदी था। सोमवार को जमुना गांव के शंकरजी के मंदिर के पास बने कुएं के किनारे पहुंचा और कुएं में गिरने की धमकी देने लगा। बताया जाता है कि इसी बीच उसका हाथ छूट गया और वह कुएं में जा गिरा। ग्रामीणों ने जब युवक को कुएं में गिरता देखा तो हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने कुएं में उतर कर युवक काे बाहर निकालने का प्रयास किया। लेकिन वह युवक को कुएं के बाहर नहीं निकाल सके। इसी बीच सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। युवक को तत्काल सीएचसी नौरंगा ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। सीओ शाहरुख खान ने बताया कि एक युवक के कुएं में कूदने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों की मदद से कुएं से युवक को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया है। बताया कि शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

