पोस्ट मास्टर ने दोस्त के घर में फांसी लगाकर की आत्महत्या

WhatsApp Channel Join Now
पोस्ट मास्टर ने दोस्त के घर में फांसी लगाकर की आत्महत्या


कानपुर, 19 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर के बिल्हौर थाना क्षेत्र अंतर्गत रविवार को एक पोस्ट मास्टर ने अपने दोस्त के घर में संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पड़ताल में जुट गई है।

मूलरूप से हरियाणा का रहने वाला सौरभ (26) कानपुर देहात के रसूलाबाद के वीरूहुन गांव स्थित डाकघर ब्रांच में पोस्ट मास्टर के पद पर तैनात था। शनिवार को वह बिल्हौर स्थित अपने साथी कर्मचारी रोहित के घर पहुंचा। रात में दोनों ने एक साथ खाना खाया और फिर सौरभ ने रोहित से कुछ देर अकेले में पढ़ने की बात बोलकर दूसरे कमरे में चला गया।

अगली सुबह जब काफी देर तक सौरभ की कोई आहट नहीं सुनाई दी, तो रोहित ने कमरे की खिड़की से झांककर देखा तो सौरभ का शव फांसी के फंदे से झूल रहा था। आनन-फानन में घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बिल्हौर थाना प्रभारी सुधीर कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। मौत की सूचना परिजनों को दे दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story