आम के पेड़ से लटका मिला युवक का शव, बहनों की शादी से पहले घर में पसरा मातम

WhatsApp Channel Join Now
आम के पेड़ से लटका मिला युवक का शव, बहनों की शादी से पहले घर में पसरा मातम


औरैया, 20 अप्रैल (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल क्षेत्र के विलावा गांव में सोमवार को एक 18 वर्षीय युवक का शव आम के पेड़ से लटका मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। घटना ऐसे समय हुई है जब अगले सप्ताह उसकी दो बहनों की शादी तय थी और घर में खुशियों का माहौल था, जो पल भर में मातम में बदल गया।

जानकारी के अनुसार विलावा निवासी विमल उर्फ गोलू (18) पुत्र स्वर्गीय संजय सोमवार दोपहर घर से सिलेंडर भरवाने के लिए रुपये लेकर निकला था। जाते समय उसने भीखेपुर स्थित एक दुकान पर बैठे अपने बाबा राधेश्याम से मोबाइल लेने की बात कही थी, लेकिन इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। कुछ देर बाद खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने उसे आम के पेड़ से लटका देखा और तत्काल परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और युवक को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

बताया गया है कि मृतक के पिता संजय की करीब एक वर्ष पूर्व सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी थी, जिसके बाद से परिवार आर्थिक और मानसिक संकट से जूझ रहा था। परिवार में मां मालती देवी, छोटे भाई लव-कुश और बहनें गोल्डी, प्रतिभा व खुशी हैं। आगामी 26 अप्रैल को उसकी दो बहनों की शादी तय थी, जिसकी तैयारियां जोरों पर चल रही थीं।

घटना की सूचना पर अटसू चौकी से उपनिरीक्षक अभय प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story