नहर में नहाने गया युवक डूबा, तलाश में जुटी पुलिस व फायर ब्रिगेड
बहराइच, 20 जून (हि.स.)। विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के श्रीनगर चौराहा स्थित सरयू नहर में शनिवार को स्नान के दौरान एक युवक गहरे पानी में डूब गया। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए तथा युवक की तलाश के लिए व्यापक स्तर पर खोज अभियान शुरू कराया। देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं लग सका था।
जानकारी के अनुसार भवानीपुर बनकट चौबे पुरवा निवासी 20 वर्षीय कुलदीप गोस्वामी पुत्र राजकुमार गोस्वामी अपने ननिहाल गोसाईपुर पियरा में आयोजित पारिवारिक विवाह समारोह में शामिल होने आया था। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं, जिसके चलते वह कुछ दिन पहले ही ननिहाल पहुंचा था। बताया जाता है कि शनिवार को कुलदीप अपने साथियों के साथ श्रीनगर चौराहा स्थित सरयू नहर में स्नान करने गया था। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में पहुंच गया और देखते ही देखते डूबने लगा। साथियों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर दौड़े और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही विशेश्वरगंज पुलिस, फायर ब्रिगेड की टीम और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। स्थानीय गोताखोरों तथा ग्रामीणों की मदद से नहर में कई घंटों तक खोजबीन की गई, लेकिन समाचार लिखे जाने तक युवक का पता नहीं चल सका था। घटना की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। तहसीलदार पयागपुर अंबिका चौधरी ने भी घटनास्थल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को खोज अभियान तेज करने के निर्देश दिए। थानाध्यक्ष संदीप द्विवेदी ने बताया कि युवक की तलाश के लिए अभियान लगातार जारी है और सभी संभावित स्थानों पर खोजबीन कराई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA

