मोहर्रम का मेला देखने आया युवक नहर में डूबा, तलाश जारी

WhatsApp Channel Join Now
मोहर्रम का मेला देखने आया युवक नहर में डूबा, तलाश जारी


देर रात तक चलता रहा रेस्क्यू अभियान

बहराइच, 26 जून (हि.स.)। विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पुरैना में लगे मोहर्रम मेले की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब मेला देखने आया एक 20 वर्षीय युवक नहर में डूब गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया, जो देर रात तक जारी रहा, लेकिन समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं लग सका था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम चन्द्रावा निवासी सत्यम (20) पुत्र राजेश कुमार अपने छोटे भाई शिवम के साथ पुरैना मोहर्रम मेले में शामिल होने आया था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शाम करीब छह बजे दोनों भाई पास स्थित पुरैना नहर में नहाने उतर गए। इसी दौरान सत्यम गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया। भाई के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।

घटना की सूचना डायल-112 पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों व ग्रामीणों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई। देर रात तक खोजबीन जारी रही, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल सका। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पुरैना मोहर्रम मेले का उत्सवी माहौल भी पलभर में गम में बदल गया। खबर लिखें जाने तक युवक की खोज नहीं हो पायी।

थानाध्यक्ष विशेश्वरगंज संदीप दुबे ने बताया कि एक युवक के नहर में डूबने की सूचना मिली है। गोताखोर और ग्रामीणों की सहायता से युवक की तलाश कराई जा रही है। अभी तक युवक का सुराग नहीं लग सका है।

हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA

Share this story